आशना व अरमान ने शादी कर कहा हैप्पी न्यू इयर

बॉलीवुड के पॉपुलर सिंगर अरमान मलिक ने नए साल के दूसरे दिन ही अपने चाहने वालों को गुड न्यूज दे दी है। अरमान मलिक शादी के बंधन में बंध गए हैं और इसका आधिकारिक ऐलान भी उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर कर दिया है। अरमान ने अपनी गर्लफ्रेंड और फियानसे आशना श्रॉफ को अपने जीवन का हमसफर चुना है। आशना और अरमान ने कोलैब पोस्ट के जरिए इंस्टाग्राम पर सपनों की शादी की तस्वीरें साझा की हैं और इसके साथ ही एक दिल को छू लेने वाले कैप्शन भी लिखा है। तस्वीरें काफी ड्रीमी हैं और कपल काफी खुश नजर आ रहा है। अरमान मलिक और आशना श्रॉफ दोनों एक दूसरे की बाहों में खिलखिलाकर हंसते दिखे। एक तस्वीर में अरमान मलिक ने आशना श्रॉफ को वरमाला पहनाते हुए उत्साह जाहिर किया। दोनों ही ऑरेंज लिबास में सजे नजर आए। तस्वीरों को देखने के बाद एक शख्स ने लिखा, उफ आप दोनों, बहुत सारा प्यार आपके लिए। वहीं एक और शख्स ने लिखा, आप दोनों को बधाई हो।
परिवार की मौजूदगी और करीबी दोस्तों के बीच दोनों ने शादी की। अरमान मलिक ने अगस्त 2023 में आशना श्रॉफ को प्रपोज किया था। बाद में उन्होंने अपनी प्रेमिका के लिए कसम से-द प्रपोजल नामक एक म्यूजिक वीडियो भी जारी किया। लगभग दो महीने बाद इस जोड़े ने औपचारिक समारोह में आधिकारिक तौर पर सगाई कर ली थी। इसके बाद से ही दोनों साथ में छुट्टियां भी बिताते हैं और काफी वक्त से लिव इन में भी रह रहे हैं। अरमान मलिक फेमस सिंगर है और अन्नू मलिक के भतीजे हैं, वहीं आशना श्रॉफ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। (हिफी)