ममता कुलकर्णी बनीं किन्नर महामंडलेश्वर

बॉलीवुड की हीरोइन रहीं ममता कुलकर्णी ने बीते रोज प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में संन्यास ले लिया। ममता ने किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर के पद को ग्रहण कर लिया। अपने करियर में कॉन्ट्रोवर्सीज से घिरी रहीं ममता कुलकर्णी ने शाहरुख खान और सलमान खान के साथ सुपरहिट फिल्म भी दी हैं। ममता कुलकर्णी की जिंदगी विवादों से घिरी रही है। इतना ही नहीं बॉलीवुड करियर के दौर में कभी टॉपलैस फोटो शूट से लेकर अंडरवर्ल्ड के कुख्यात अपराधी के साथ शादी को लेकर सुर्खियां बटोरती रहीं। अब संन्यास की राह पर चल पड़ीं ममता कुलकर्णी की जिंदगी काफी उतार चढ़ाव से भरी रही है। ममता कुलकर्णी ने 1992 में फिल्म मेरा दिल तेरे लिए से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के बाद इसी साल रिलीज हुई फिल्म तिरंगा ने ममता को सुपरस्टार बना दिया। ये फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर हिट रही बल्कि लोगों के दिलों में बस गई। यहीं से ममता कुलकर्णी के फिल्मी सफर की शुरुआत ने तेजी पकड़ ली और फिल्मों की झड़ी लग गई। इसके बाद प्रेम शिकारन, डोंगा पुलिस भी इसी साल रिलीज हुईं और लोगों को काफी पसंद आई। ममता लगातार फिल्में करने लगीं और बॉलीवुड की दुनिया में अपनी जगह बना ली। फिर साल आया 1994 का और ममता के हाथ लगी फिल्म गैंगस्टर। इस फिल्म ने ममता को अंडरवर्ल्ड की दुनिया से इंट्रोड्यूस कराया। यहीं से ममता का दिल भी गैंगस्टर्स के लिए धड़कने लगा। ममता का नाम अंडरवर्ल्ड का कुख्यात अपराधी रहा छोटा राजन के साथ जुड़ने लगा। छोटा राजन उस दौर में दाउद का गुर्गा कहा जाता था। इसके बाद अंडरवर्ल्ड के साथ ममता का गहरा जुड़ाव हो गया। यहीं से शुरू हुआ ये सफर कुछ साल में पूरी तरह अपराध की दुनिया की तरफ मुड़ गया। ममता ने 2002 में फिल्म कभी तुम कभी हम में काम किया और यही उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म रही। इसके बाद ममता ने भारत छोड़ दिया और दुबई रहने लगीं। करीब डेढ़ दशक तक ममता का नाम पूरी तरह से गायब हो गया। इसके बाद 2014 में ममता के विक्की गोस्वामी नाम के गैंगस्टर के साथ शादी की खबरें सामने आईं। हालांकि ममता इन खबरों का खंडन करती रहीं लेकिन 2016 में ममता के खिलाफ भी मुंबई पुलिस ने 80 करोड़ के ड्रग मामले में गिरफ्तारी का वॉरंट जारी किया था। (हिफी)