मंदिरा वेदी ने सरोज खान को बताया मैथ का एक्जाम

साल 1995 में फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ आई थी। इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा में रोमांस को एक नई तरह से परिभाषित किया था। ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ में राज और सिमरन की लव स्टोरी तो हर किसी को जुबानी याद है, लेकिन इस फिल्म में एक ऐसी लड़की थी जो दिल ही दिल राज को अपना मान बैठी थी, लेकिन उसकी प्रेम कहानी अधूरी रह गई। अबतक शायद आप समझ गए होंगे कि हम यहां किसकी बात कर रहे हैं। एक्ट्रेस मंदिरा बेदी ने शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म में उनका रोल भले ही छोटा था, लेकिन काफी यादगार था। पहली ही फिल्म के सेट पर मंदिरा बेदी को बॉलीवुड की सबसे बड़ी कोरियोग्राफर सरोज खान के साथ काम करने का मौका मिला था लेकिन एक्ट्रेस के लिए ये यादगार पल साबित होने की बजाय एक डरावना सपना बन गया जिसे याद कर वो आज भी डर जाती हैं। करीना कपूर खान के शो ‘व्हाट वुमन वांट’ पर मंदिरा बेदी ने अपनी डेब्यू फिल्म के सेट के किस्से को याद किया। मंदिरा ने बेबो को बताया कि उन्हें कोरियोग्राफ किए गए डांस से काफी डर लगता था और आज भी उनका ये डर कायम है। दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए एंकर और एक्टर मंदिरा बेदी कहती हैं, ‘मुझे एक महिला के तौर पर दो चीजों से सबसे ज्यादा डर लगता है। वो दो चीजें- कोरियोग्राफ डांस और मैथ्स एग्जाम है। वो आगे कहती हैं, ‘सरोज खान फिल्म के गाने ‘मेहंदी लगाकर रखना’ की कोरियोग्राफर थीं। मुझे आज भी याद है कि उन्होंने मुझसे कहा था, ‘तुम्हें पता है कि तुम सनी देओल की तरह हो। वो भी अपने कंधे हिलाते हैं और तुम भी बस अपने कंधे ही हिला रही हो’। एक महिला के तौर पर तुमको अपने हिप्स मूव करने थे जो मैं नहीं कर पा रही थी। मंदिरा बेदी कहती हैं कि पब या पार्टी में डांस करने में काफी अंतर है, लेकिन कोरियोग्राफ किया गया डांस करने में बहुत फर्क है। (हिफी)