फिल्मी

रामायण विवाद पर सोनाक्षी के भाई ने स्वीकार की गलती

मुकेश खन्ना ने पिछले दिनों सोनाक्षी सिन्हा की परवरिश और संस्कारों पर सवाल खड़े किए और अभिनेत्री को उनके रामायण ज्ञान को लेकर निशाने पर लिया। सोनाक्षी से भी ये सब देखा और सुना नहीं गया, जिस पर उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी और जवाब में एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर दिया। अपने पोस्ट में सोनाक्षी मुकेश खन्ना पर जमकर बरसीं, जिसके बाद अभिनेता को अनमने ढंग से ही सही, लेकिन माफी मांगनी पड़ी। अब इस पूरे विवाद पर सोनाक्षी सिन्हा के भाई लव सिन्हा ने भी प्रतिक्रिया दी है। एक इवेंट में पहुंचे लव सिन्हा से जब मुकेश खन्ना और सोनाक्षी के बीच के विवाद के बारे में पूछा गया तो वह इशारों-इशारों में अपनी बहन की गलती बताते दिखे और साथ ही पिता शत्रुघ्न सिन्हा के जवाब से सहमत नजर आए।
लव सिन्हा ने कहा- अभी उन्होंने जवाब दे दिया है। हो सकता है, मेरा जवाब थोड़ा अलग होता। मैं अपने पिताजी के जवाब से ज्यादा सहमत हूं। पापा हमेशा संक्षेप में बोलते हैं, लेकिन उन्हें जो बोलना होता है वह बोल देते हैं। मुकेश जी जाहिर तौर पर मेरे काफी सीनियर हैं। उनको पापा के बारे में ये सब नहीं बोलना चाहिए था। सोनाक्षी के बारे में उन्हें अभी कुछ नहीं कहना चाहिए था, क्योंकि वो बात काफी पुरानी हो गई है। वो गलती तो थी, मगर पुरानी गलती थी।
सोनाक्षी सिन्हा ने 2019 में अमिताभ बच्चन के क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति में शिरकत की थी। इसी दौरान उनसे रामायण से जुड़ा सवाल किया गया, जिसका वह जवाब नहीं दे पाई थीं। सोनाक्षी की इसी गलती पर निशाना साधते हुए मुकेश खन्ना ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बच्चों को सनातन धर्म के बारे में कुछ नहीं सिखाया है। इसी के साथ उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा की परवरिश पर भी सवाल खड़े किए थे। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button