भाजपा प्रत्याशी गजराज ने जनसंपर्क कर मांगे वोट

हल्द्वानी। भाजपा के मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने पॉलीशीट, रेलवे कॉलोनी, नवाबी रोड, शीशमहल और आवास विकास क्षेत्र में जनसंपर्क एवं नुक्कड़ सभा कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। इस दौरान सांसद अजय भट्ट, मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट, निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला ने वाल्मीकि समाज के प्रांतीय पदाधिकारी एवं कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री रामू भारती को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
मेयर प्रत्याशी गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए रामू भारती के रूप में उन्हें नगर निगम चुनाव जीतने के लिए भगवान वाल्मीकि का आशीर्वाद मिला है। बिष्ट ने कहा अपने समाज के हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहने वाले रामू भारती का भाजपा में आना आधी जंग जीत लेने जैसा है। निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला ने रामू भारती को वाल्मीकि समाज का बड़ा नेता बताते हुए कहा भारती अपने समाज के हर परिवार की चिंता करते हैं। सांसद अजय भट्ट ने कहा रामू भारती ने अपने जीवन में लंबे समय तक कांग्रेस की सेवा की लेकिन पार्टी ने उनके समाज के लिए कुछ नहीं किया। निवर्तमान मेयर जोगेंद्र रौतेला के कार्यकाल में प्रत्येक वाल्मीकि परिवार के एक सदस्य को रोजगार दिया गया। प्रचार अभियान में रेनू अधिकारी, मोहन पाठक, हरीश पांडे, समीर आर्य, लाखन निगल्टिया, किशोर जोशी, सरदार प्रताप सिंह तापी, प्रतिभा जोशी, विजय लक्ष्मी चौहान, हिमांशु मिश्रा, कमल पांडे, विपिन पांडे, त्रिवेणी ग्याल, लाखन बिष्ट, नीरज बिष्ट समेत भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।