सांची दुग्ध संघ से जुड़े किसानों के पक्ष में उतरे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सांची दूध संघ से जुड़े किसानों और कर्मचारियों के पक्ष में उतर आए हैं उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में सीएम से सांची दुग्ध संघ, भोपाल से जुड़े किसानों और कर्मचारियों की परेशानियों पर ध्यान देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांची दुग्ध संघ को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को सौंप रही है और ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि इस प्रक्रिया से किसानों और कर्मचारियों के हितों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस पत्र में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सांची दुग्ध संघ को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को सौंपे जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यहां के लोगों को किसी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए।