देश

खेत में जुताई के लिए पहुंचा किसान, सामने देखा ऐसा मंजर कि पैरों तले खिसकी जमीन

किच्छा। किसान अपने खेत में जुताई करने पहुंचा था, लेकिन उसने ऐसा मंजर देखा कि पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके खेत में महिला का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। दरअसल, महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद उसका शव खेत में फेंक दिया गया। सुबह शव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शिनाख्त के प्रयास किये, परंतु शिनाख्त नहीं हो सकी। माना जा रहा है कि कहीं बाहर से लाकर महिला के शव को वहां फेंका गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबह पुलिस को ग्राम इंदरपुर स्थित श्मशान घाट के पास खेत में महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली तो पुलिस हरकत में आ गई।
प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। महिला का शव हरिओम पुत्र राम केतन निवासी इंदरपुर के खेत में पेट के बल पड़ा हुआ था। सुबह उनके बटाईदार के खेत में जुताई के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचने पर महिला का शव देखकर गांव में हल्ला मच गया था। महिला के गले में दुपट्टा दोहरा कर बंधा हुआ था।
माना जा रहा है कि उसी दुपट्टे से गला घोंटकर महिला की हत्या की गई होगी। महिला की उम्र 35 वर्ष के करीब बताई जा रही है। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया। महिला उस क्षेत्र की न होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने लगभग चार घंटे तक मौके पर ही जांच पड़ताल के बाद शव के पंचनामे की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक महिला के मुस्लिम होने की संभावना जताई जा रही है। उसके गले में मिले ताबीज में उर्दू भाषा में लिखे होने के साथ अन्य कई बातें उसके मुस्लिम होने का संकेत कर रही है। जिससे पुलिस ने आसपास के मुस्लिम परिवारों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त का प्रयास किया, मगर उसकी शिनाख्त में पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button