यमुना की जहरीली पानी पर सियासत भयंकर, दिल्ली और हरियाणा आमने-सामने

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच अब दिल्ली की राजनीति यमुना की जहरीली पानी पर जमकर हो रही है। आम आदमी पार्टी की तरफ से यमुना की पानी में जहर मिलाने के लगाए गए गंभीर आरोप के बाद हरियाणा सरकार हमलावर है।
दिल्ली जल बोर्ड ने भी आप के आरोपों का खंडन किया है। वहीं दूसरी ओर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि वह अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का केस करेंगे।
वहीं पर आम आदमी पार्टी चुनाव आयोग से मिलने की बात कह रही है। इसको लेकर दिल्ली की सीएम आतिशी ने चुनाव अधिकारी को पत्र भी लिखा है। इस संबंध में वह खुद और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान चुनाव अधिकारी से मिलने वाले हैं।
दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश के समय यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर सामान्य से 6 गुना अधिक बना हुआ है। ऐसे स्तर मानव शरीर के लिए बेहद विषैले होते हैं।
इस पानी को ट्रीट करके दिल्ली के लोगों को सप्लाई नहीं किया जा सकता। अन्यथा उनकी जान खतरे में पड़ जायेगी। इस जहरीले पानी को दिल्ली में आने से रोकने के लिए एक बार फिर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। इसके लिए तत्काल अपॉइंटमेंट भी मांगा है।