लेखक की कलम

मर्यादा की सीमा में कला की अभिव्यक्ति

(हृदय नारायण दीक्षित-हिन्दुस्तान समाचार फीचर सेवा)

गीत, नृत्य संस्कृति के अंग होते है। गीत मात्र शब्द संयोजन नहीं होते। इनमें भाव की महत्ता होती है। ये आनंद का संवर्धन करते हैं। सृजन आसान नहीं होता। कुछ सृजन मोहक होते है और कुछ मादक। गीत काव्य के रचनाकारों को सभ्यता और संस्कृति की मर्यादा का पालन करना चाहिए। वैदिक मंत्र भी काव्य हैं। रामायण और महाभारत महाकाव्य कहे जाते है। ऋग्वेद के ऋषि के सृजन में ऊषा सुंदरी हैं। कवि ऋषि ऊषा को पुराणी युवती कहते हैं। वह ‘सद्यः स्नात‘ है- अभी अभी स्नान कर के आई है। सब उसे देखते है लेकिन उसके पति ही उसे पूरा देखते हैं।‘‘ यहां ऊषा का सौन्दर्य दर्शन मर्यादा में है। रामकथा का काव्य मर्यादा पुरुषोत्तम से सम्बद्ध है ही। आनंद प्राप्ति वैदिक ऋषियों की अभिलाषा है। वे ज्ञान चर्चा में आनंदित होते हैं लेकिन ज्ञान चर्चा में आनंदित न होने वाले भी कम नहीं। ऋषि कवि वरुण मित्र देवो से प्रार्थना करते हैं कि ‘‘जो प्रश्न जिज्ञासा में आनंद नहीं प्राप्त करते, उनसे हमारी रक्षा करो (ऋ० 8.101.4) प्रकृति में आनंद के अनेक अवसर व उपकरण है। इसमें प्रश्न जिज्ञासा व संवाद भी महत्वपूर्ण हैं। कलाएं आनंद देती हैं। मर्यादा सभी कलाओं की अभिव्यक्ति की सीमा है।
श्लील और अश्लील के विभाजन के मध्य एक महीन रेखा है। देह और दैहिक सम्बंधांे की चर्चा भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में संयम के अधीन रही है। सम्प्रति भोजपुरी गीतों के श्लील-अश्लील तत्व को लेकर सोशल मीडिया में चर्चा है। भोजपुरी बोली अपने मूलरूप में प्रीति प्यार व आत्मीयता से भरी पूरी है। इस बोली के गीतों में रस माधुर्य है। शारदा सिन्हा के गीत भाव जगत में गहरे पैठे हैं। ऐसे भाव प्रवण गीत सैकड़ों की संख्या में है लेकिन पीछे कुछ समय से भोजपुरी गीतों में अश्लीलता बढ़ी है। अनेक गीत द्विअर्थी होते है। एक लोकप्रिय गायक ने ‘‘लगवा दो राजा जी मेरे लहंगा में मीटर‘‘ गाया। सौंदर्य बोध और मर्यादा काव्य सृजन की मुख्य शर्त है। मर्यादाहीन गीतों में सौन्दर्यबोध नही होता। एक भोजपुरी गीत का मुखड़ा है- बांध के सर पर पगड़िया, लहरिया लूटो रे राजा। यह अश्लीलता है और अश्लीलता कभी भी सुन्दर नहीं होती। सुन्दर अश्लील नहीं शिव होता है। सत्य, शिव, और सुन्दर की त्रयी भारतीय कला और संस्कृति का मूल है। ऐसे गीतों के लेखक कम प्रतिभाशाली नही होते। प्रकृति और समाज में अनेक विषय है। प्रकृति सौन्दर्य से भरी पूरी है।
काव्य और कला सृजन भारत में प्राचीन हैं। इनका सतत् विकास हुआ है। ऐसे माध्यम सामाजिक विकास के साथ साथ विकसित हुए हैं। पहला माध्यम भाषा है। भाषा प्राचीनतम माध्यम है। भाषा का रूप शब्दों से बना है। शब्द के गर्भ में अर्थ होते हंै। गीतकार कवि और लेखक भाषा का सदुपयोग करते है। शब्द गीत या लेख में उचित जगह प्रयोग किये जाते है। पतंजलि ने बताया है कि ‘‘एक ही शब्द अलग अलग स्थान पर प्रयुक्त होकर अलग अर्थ देते है।‘‘ लिखने या काव्य गीत सृजन में उचित शब्द प्रयोग की महत्ता है। शब्द को उचित जगह देने से उचित अर्थ मिलते है। प्रकृति में भाव प्रवणता के लाखो रूप है। प्रकृति स्वयं गीत और कविता है। ऋतुएं प्रकृति का चेहरा है। बसंत, हेमन्त, शिशिर और वर्षा को भाव सहित देखने से गीत उगते हैं। चन्द्रमा वैसे एक उपग्रह है लेकिन तमाम कवियो ने चांद तारों पर सुंदर गीत लिखे हैं। वाल्मीकि ने प्रकृति को ध्यान से देखा था। रामायण में प्रकृति का सुंदर वर्णन है। तुलसीदास ने भी रामचरितमानस में मोहक शब्द चित्र बनाए है। भोजपुरी स्वयं में रसपूर्ण है। मानवीय रिश्तो पर भी गीत लिखे जा सकते हैं। ‘नदिया के पार‘ फिल्म के गीत प्रेम से भरे पूरे है लेकिन सांस्कृतिक मर्यादा के बंधन में हैं। भोजपुरी गीतों में भी ऐसा ही होना चाहिए।
भारतीय सिनेमा अपने पुराने दौर में मर्यादित था। गीत प्रेमपूर्ण थे। सरस थे। उन्हें सुनने और गुनगुनाने में मजा आता था। शास्त्रीय बंधन वाले गीत आज भी तरुण और रस सिक्त है। अश्लीलता को लेकर भोजपुरी गीतों पर चर्चा है लेकिन मुख्य धारा के सिनेमा में भी अश्लीलता की उपस्थिति है। इस पर चर्चा नहीं होती। एक समय दादा कोंडके की फिल्मांे के गीत और संवाद द्विअर्थी होते थे। ‘‘चोली के पीछे क्या है? जैसे गीत लोकप्रिय तो थे लेकिन मर्यादित नही थे। डेविड धवन की फिल्में सस्ती मनोरंजक हैं। इनकी एक फिल्म का गीत ‘‘सरका लेउ खटिया‘‘ अश्लील क्यों नहीं है। हाल में ही आई सिम्बा फिल्म का ‘‘लड़की आंख मारे‘‘ गीत अश्लील था। केवल भोजपुरी गीतों को ही आरोपित करना पर्याप्त नही है। मनुष्य के सौन्दर्य बोध पर ध्यान देना चाहिए। आधुनिकता के समानांतर सौन्दर्य बोध के मानक बदले हैं। सौन्दर्य बोध सामाजिक सांस्कृतिक विकास का फल होता है। गीत संगीत की व्यापक चर्चा जैसी ऋग्वेद में है वैसी महाभारत में नही है। ऋग्वेद के रचनाकाल का समाज आनंदगोत्री है लेकिन महाभारत का समाज संपदा के लिए युद्ध को कर्तव्य मानता है। महाभारत में गीत संगीत महत्वपूर्ण नही है। उपनिषदों में संस्कृति दर्शन के तत्व हैं। वृहदारण्यक उपनिषद् में परम विद्वान याज्ञवल्क्य मैत्रेयी को ब्रह्म विद्या बताते हैं। वे दुदुंभी शंख और वीणा जैसे संगीत उपकरणो के उदाहरण देते हैं। इसका अर्थ सुस्पष्ट है। शतपथ ब्राह्मण के रचनाकाल में भी संगीत की धारा का प्रवाह था। वृहदारण्यक उपनिषद् शतपथ का ही हिस्सा है।
गीत संगीत और कला सृजन की क्षमता भी सामाजिक सांस्कृतिक विकास का परिणाम होती है। गीत सुनकर हम प्रभावित होते हैं। लेकिन सब प्रभावित नहीं होते। प्रभावित होने के लिए भी विशेष प्रकार की बौद्धिक क्षमता की जरूरत होती है। प्रभावित करने की क्षमता के लिए विशेष बौद्धिक सांस्कृतिक क्षमता चाहिए। सभी प्राणी सुखी रहना चाहते हैं। प्राचीन वांग्मय में ज्ञान की महत्ता है। ज्ञान मुक्ति या मोक्षदाता भी कहा गया है लेकिन ज्ञान प्राप्ति का सामान्य उद्देश्य सुखी जीवन है। मनुष्य सुख आनंद के स्र¨त खोजा करता है। सौन्दर्य बोध से सुख मिलता है। गीत संगीत को सुनना सुनाना आनंद देता है। कला सुख देती है। सुखी होने के लिए मनुष्य सुख के उपकरण बनाते है। तमाम नव सृजन करते रहते हैं। अश्लील गीत काव्य वास्तविक आनंद नहीं देते। श्लील सृजन दीर्घकालिक आनंद देते है। कलाएं चित्त को सांस्कृतिक बनाती है। संस्कृति सामूहिक होती है। यह सभी लोगों को आनंद से आच्छादित करती है। ज्ञान के तमाम स्र¨त हैं। मनुष्य अपने भाव अनुभूति से भी ज्ञान पाते है। यह ज्ञान गीत सृजन में प्रकट होता है। गीतों की उम्र दीर्घकालिक होती है। इनका प्रभाव भी दीर्घकालिक होता है। अश्लील के प्रभाव की उम्र अल्पकालिक होती है। यह समाज के लिए क्षतिकारी भी है। मर्यादा अनिवार्य है। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button