Uncategorizedदेश

दूनवासियों को लगा झटका, एक अप्रैल से कूड़ा उठान महंगाय अब प्रतिमाह देनी होगी इतनी रकम

देहरादून। डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के यूजर चार्ज (सेवा शुल्क) में नगर निगम ने इजाफा कर दिया है। श्रेणीवार बढ़ी हुई दरें आगामी एक अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी। साथ ही अब व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से कैशलेस शुल्क वसूली की जाएगी। निगम के नाम पर कूड़े का शुल्क वसूलने की शिकायत मिलने के बाद निगम सख्त हो गया है। इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध पुलिस को शिकायत भी दी गई है। वहीं, एक अप्रैल से पक्के बिल के आधार पर ही भुगतान की व्यवस्था की जा रही है।
निगर निगम ने विभिन्न प्रतिष्ठान श्रेणी में दोगुना से पांच गुना तक शुल्क बढ़ा दिया है। घर-घर कूड़ा उठान के लिए वसूल किए जा रहे 50 रुपये के शुल्क में भी वृद्धि कर इसे 70 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। गुरुवार को नगर आयुक्त मनुज गोयल ने पत्रकार वार्ता कर एक अप्रैल से प्रभावी नई दरों की जानकारी दी। विभिन्न कारोबार व प्रतिष्ठान के हिसाब से यूजर चार्ज बढ़ाए गए हैं। नगर आयुक्त मनुज गोयल ने बताया कि शहर में निगम के नाम से फर्जी रसीद बनाकर घरों से कूड़ा उठान का शुल्क वसूले जाने का मामला संज्ञान में आया है। कोर्ट रोड क्षेत्र में इस प्रकार की वसूली की शिकायत मिली है। इसे देखते हुए मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश खन्ना ने शहर कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
निगम की ओर से प्वाइंट आफ सेल (पीओएस) मशीन के माध्यम से पक्का बिल जारी कर शुल्क वसूलने की व्यवस्था की जा रही है। एक अप्रैल से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से कैश नहीं लिया जाएगा। केवल पीओएस, आनलाइन, चेक-ड्राफ्ट आदि माध्यमों से शुल्क वसूला जाएगा। इसके अलावा घरों से फिलहाल कैश लिया जाएगा, लेकिन पीओएस से पक्का बिल जारी किया जाएगा। इससे भुगतान और राजस्व वसूली में पारदर्शिता आएगी। इसके लिए शुरुआत में बैंक से 10 पीओएस मशीनें मांगी गई हैं। अप्रैल के प्रथम सप्ताह के बाद ही पीओएस से शुल्क वसूली की जा सकेगी।
नगर निगम की ओर से अनुबंधित तीन कंपनियां 98 वार्ड में कूड़ा उठान कार्य कर रही हैं। मै. सनलाइट प्राइवेट लिमिटेड 25 वार्ड से कूड़ा उठान कर रही है। जबकि, मै. इकान वेस्ट साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड 26 वार्ड से कूडृा उठा रही है। ये दोनों ही कंपनियां कूड़ा उठान शुल्क स्वयं वसूल करती हैं। जबकि, निगम की ओर से 47 वार्ड में कूड़ा उठान के लिए मै. वाटर ग्रेस इकान सनलाइट प्राइवेट लिमिटेड के साथ ही हाल ही में अनुबंध किया गया है। इन 47 वार्ड में नगर निगम की ओर से ही शुल्क वसूली का कार्य किया जाता है। जबकि, हर्रावाला और नथुवावाला दो वार्ड में एनजीओ के माध्यम से कूड़ा उठान होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button