विश्व-लोक

चीन में 29 जनवरी से नव वर्ष का जश्न वसंतोत्सव

चीन में जश्न मनाने के लिए करीब एक हफ्ते के लिए सार्वजनिक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। दरअसल, चीन में नया वर्ष शुरू होने जा रहा है। चीन के कैलेंडर के मुताबिक 29 जनवरी से इसकी शुरुआत होगी। इस नव वर्ष पर पूरे चीन में जश्न मनाया जाता है। इसे स्प्रींग फेस्टिवल यानी वसंत उत्सव भी कहा जाता है। इसके लिए सरकार ने पूरे चीन में 28 जनवरी से 4 फरवरी 2025 तक सभी दफ्तर बंद करने का आदेश दिया है।
यह वसंत उत्सव न केवल चीन बल्कि पूरे पूर्वी एशिया में मनाया जाने वाला सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। यह 15 दिनों तक मनाया जाता है। इसमें लाइव परेड और परिवारों के मिलने जैसी सदियों पुरानी परंपराएं शामिल हैं। वर्ष 2025 में इस वर्ष की शुरुआत 29 जनवरी, बुधवार से होगी। यह 15 दिनों तक चलेगा। उत्सव 12 फरवरी को समाप्त होगा। चीन का यह नव वर्ष वहां की राशि (जोडियक) से संबंधित है। चीन ने 2025 को सर्प वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। चीन के राशि चक्र में सर्प राशि छठे स्थान पर है। यह समझदारी, सुंदरता और भावना का प्रतीक है। सर्प वर्ष में जन्मे लोग आमतौर पर समझदार, आत्मनिर्भर और चुनौतियों को पार करने वाले होते हैं। चीन के नव वर्ष की जड़ें पुरानी कथाओं में हैं। एक चर्चित कथा के अनुसार एक भयानक समुद्री राक्षस हर नव वर्ष की पूर्व संध्या को समुद्र से निकलकर गांवों पर हमला करता था। फिर गांव वालों ने पाया कि इस राक्षस को लाल रंग और तेज आवाज से डर लगता है। इसलिए उन्होंने पटाखे फोड़ने और घरों को लाल रंग से सजाने की परंपरा शुरू की। आज भी चीन के नव वर्ष पर लाल रंग की सजावट, पटाखे और शोर-शराबे का चलन है। यह बुरी आत्माओं को भगाने और आने वाले साल में शुभता लाने का प्रतीक हैं। चीन नव वर्ष एक पारिवारिक उत्सव होता है। तमाम लोग परिवार के साथ समय बिताते हैं। इस त्योहार का प्रमुख आकर्षण पूरे परिवार का एक साथ रात्रिभोज करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button