विश्व-लोक

अंतरिक्ष से धरती पर लौटीं सुनीता विलियम्स

नासा के अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर नौ महीने अंतरिक्ष में रहने के बाद भारतीय समयानुसार तड़के पृथ्वी पर लौट आए। अंतरिक्षयात्रियों को लेकर ‘स्पेसएक्स’ यान के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से प्रस्थान करने के कुछ ही घंटों बाद इसे फ्लोरिडा पैनहैंडल के तेलाहासे जलक्षेत्र में उतारा गया। एक घंटे के भीतर ही अंतरिक्षयात्री अपने यान से बाहर आ गए।
उन्होंने कैमरों की ओर देखकर हाथ हिलाए और मुस्कुराए। उन्हें चिकित्सा जांच के लिए स्ट्रेचर पर ले जाया गया। दोनों अंतरिक्षयात्री नौ महीने पहले बोइंग की एक परीक्षण उड़ान के जरिये अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे थे।
दोनों अंतरिक्षयात्री पांच जून 2024 को बोइंग के नए स्टारलाइनर क्रूयान में सवार होकर अंतरिक्ष में गए थे और उनके एक सप्ताह बाद ही लौटने की उम्मीद थी। अंतरिक्ष स्टेशन के रास्ते में इतनी सारी समस्याएं आईं कि नासा को अंततः स्टारलाइनर को खाली वापस धरती पर लाना पड़ा और अंतरिक्ष यात्रियों की घर वापसी में देरी हुई। अंतरिक्ष स्टेशन में 16 मार्च को अन्य अंतरिक्षयात्रियों के पहुंचने से स्पष्ट हो गया था कि अब विलियम्स और विल्मोर की वापसी का रास्ता साफ है। विलियम्स और विल्मोर नासा के निक हेग और रूस के अलेक्जेंडर गोरबुनोव के साथ वापस लौटे। विल्मोर और विलियम्स ने अंतरिक्ष में 286 दिन बिताए। उन्होंने पृथ्वी की 4,576 बार परिक्रमा की और ‘स्पलैशडाउन’ (यान के उतरने) के समय तक 12 करोड़ 10 लाख मील की यात्रा की। कैलिफोर्निया में ‘स्पेसएक्स मिशन कंट्रोल’ ने रेडियो पर कहा ‘‘स्पेसएक्स की ओर से आपका घर वापसी पर स्वागत है।’’ हेग ने कहा, ‘‘क्या यात्रा थी। मैंने कैप्सूल में प्रसन्नता का नजारा देखा।’’ कैप्सूल रूपी यान जब जलक्षेत्र में उतरा तो डॉल्फिन इसके चारों ओर चक्कर लगाने लगीं और इस बीच गोताखोरों ने कैप्सूल को ‘रिकवरी शिप’ पर चढ़ाने की तैयारी की।
कैप्सूल को ‘रिकवरी शिप’ पर चढ़ाए जाने के बाद इसके किनारों को खोला गया और अंतरिक्ष यात्रियों को एक के बाद एक सहारा देकर उतारा गया। विल्मोर और विलियम्स के अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसने के बाद दुनिया का ध्यान उनकी ओर गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button