ट्रम्प ने किया नया अमेरिका बनाने का वादा

डोनाल्ड ट्रंप ने विजय रैली में चुनावी वादों को दोहराते हुए यूक्रेन युद्ध रोकने, इमीग्रेशन पर सख्त पाबंदियां लगाने, और आयरन डोम मिसाइल सिस्टम बनाने का वादा किया। उन्होंने अवैध प्रवासियों को निकालने और तीसरे विश्व युद्ध को रोकने का संकल्प लिया। अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शपथ लेने से पहले एक विजय रैली आयोजित की और अपने हजारों समर्थकों को संबोधित किया। ट्रंप ने वादा किया कि वह ‘ऐतिहासिक गति और शक्ति’ के साथ अमेरिका के हर संकट को हल करेंगे। उन्होंने कहा, ‘कल सूर्यास्त तक, हमारे देश पर हमले बंद हो जाएंगे।’ उन्होंने कहा कि यह अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा राजनीतिक आंदोलन है और 75 दिन पहले हमने अपने देश की सबसे ऐतिहासिक राजनीतिक जीत हासिल की। ट्रंप जिस स्टेडियम में बोल रहे थे उसकी क्षमता 20,000 है जो दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था। इसके अलावा कड़ाके की ठंड में बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हुए थे। ट्रंप ने पिछले साल हुए आम चुनाव में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को हराकर शानदार वापसी की और चार साल के अंतराल के बाद राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले वह अमेरिकी इतिहास में दूसरे व्यक्ति बन गए हैं।
ट्रंप ने बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासियों को देश से निकालने का संकल्प लिया है, जिसमें लाखों प्रवासियों को निकालने की योजना है। हालांकि एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस पैमाने के अभियान को पूरा करने में सालों लग सकते हैं और यह बेहद खर्चीला होगा। अगर ट्रंप सच में इस फैसले को लागू करते हैं तो यह उन भारतीयों पर भी असर डालेगा जो अवैध रूप से अमेरिका गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने पहले ही दिन से कई कार्यकारी आदेश जारी करने का भी वादा किया। ट्रंप ने महिला खेलों में ट्रांस एथलीटों के शामिल होने को रोकने का संकल्प लिया। ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी और उनके भाई बॉबी केनेडी और नागरिक अधिकार नेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर की हत्याओं से जुड़े सीक्रेट डॉक्यूमेंट सार्वजनिक करने का वादा किया है।