मुस्कुराइए कि आप राजनीति में हैं

राजनेताओं और राजनीति दोनों का हम सम्मान करते हैं क्योंकि ये लोकतंत्र के महत्वपूर्ण घटक हैं। राजनीति और राजनेता उस समय अखरने लगते हैं जब वे छिछलेपन पर उतर आते हैं। राजनेताओं की गंभीरता भी अच्छी लगती है और हल्के-फुल्के माहौल में हंसना-हंसाना भी अच्छा लगता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी जब गंभीरता से कोई बात कह रहे होते हैं तब पिनड्राप साइलेंस हो जाता है और बिना किसी का नाम लिये मजाक करते हैं तो तालियां बजने के साथ ठहाके भी गूंजते हैं। इस तरह के कुछ और भी नेता हैं। प्रसंगवश हम यहां दो नेताओं की बात कर रहे हैं। कांग्रेस की पहली बार सांसद बनीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने आपरेशन सिंदूर पर लोकसभा मंे चर्चा के दौरान ऐसा भाषण दिया था कि विपक्ष ही नहीं सत्ता पक्ष के नेता भी प्रभावित हुए। आम जनता की भी उनको तारीफ मिली थी। अभी एक ट्यूट से उन्हांेने लोगों को गुदगुदा दिया। हालांकि इस बात का ध्यान रखा कि उनके बयान से किसी को भी ठेस न लगे। दरअसल उन्होंने पशुपालकों से मिलने का जिक्र किया और एक विशेष गाय के नामकरण को लेकर लोगों को गुदगुदा दिया। इसी बहाने पशुपालकों की समस्याएं भी उठाईं। दूसरे नेता हैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस। व्यापारियों के एक कार्यक्रम में देवेन्द्र फडणवीस का साक्षात्कार फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ले रहे थे। इसमंे सवाल-जवाब सुनकर भी मुस्कराहट खुद बखुद आ जाती है। हालांकि जिस नागपुर के जिक्र पर मजेदार सवाल-जवाब हुए, वहां के सांसद नितिन गडकरी भी गंभीर बात भी हंसी-मजाक में कह देते हैं। अभी कुछ दिन पहले ही उन्हांेने नेताओं की सफलता का रहस्य बताया था। बहरहाल, राजनीति में कटुता का विष वमन करने वालों को भी इनसे सीख लेनी चाहिए ताकि जनता कहे- मुस्कुराइए कि आप राजनीति में हैं।
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक बार फिर चर्चा में हैं। 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मशहूर इंटरव्यू लेकर सुर्खियों में आए अक्षय ने इस बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मजेदार अंदाज में बातचीत की। मुंबई में आयोजित फिक्की फ्रेम्स 2025 के कार्यक्रम के मंच पर हुए इस इंटरव्यू ने एक बार फिर पुराने पलों की यादें ताजा कर दीं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछे गए आम वाले सवाल की याद दिला दी। एक बार फिर अक्षय ने उसी लहजे में मजेदार सवाल किया और महाराष्ट्र के सीएम ने भी इसका दिलचस्प जवाब दिया है। कार्यक्रम के दौरान अक्षय कुमार ने कहा, यह दिन मेरे लिए बेहद खास है। फिक्की को 25 साल पूरे हो गए हैं और इस खास मौके पर हमारे मुख्यमंत्री हमारे साथ मौजूद हैं। यह मेरे जीवन में सिर्फ दूसरी बार है जब मैंने किसी का इंटरव्यू लिया है। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया था और अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करने का मौका मिला है। मैंने पीएम मोदी से पूछा था कि आप आम कैसे खाते हैं। लोगों ने इस सवाल का खूब मजाक उड़ाया था, लेकिन मैं नहीं सुधरने वाला।
इसी बात को आगे बढ़ाते हुए अक्षय ने सीएम फडणवीस से पूछा, आप नागपुर से हैं और नागपुर तो संतरे के लिए मशहूर है। तो क्या आपको संतरे पसंद हैं?
दरअसल, अक्षय कुमार 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू कर चुके हैं, जिसमें उन्होंने मुस्कुराते हुए पूछा था कि वे आम काटकर खाते हैं या चूसकर। उस वक्त यह सवाल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और अक्षय कुमार का खूब मजाक उड़ाया गया था। इसी पुराने किस्से पर अक्षय ने इस बार खुद पर चुटकी लेते हुए फड़नवीस से पूछा, “आप नागपुर से हैं और नागपुर ऑरेंज के लिए फेमस है, तो बताइए सर, आप ऑरेंज कैसे खाते हैं छीलकर या जूसर में डालकर?”
मुख्यमंत्री फड़नवीस ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया और अक्षय के अंदाज में कहा कि वे ऑरेंज को बिना छीले खाने का अनोखा तरीका अपनाते हैं जिससे पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा। इस हल्के-फुल्के अंदाज में हुई बातचीत ने फिक्की फ्रेम्स के मंच को जीवंत बना दिया। अक्षय कुमार ने फिल्मों के अलावा मुंबई मेट्रो, पुलिस के जूते, राजनीति और अपराध से जुड़े सवाल भी हल्के-फुल्के अंदाज में पूछे और मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने भी उसी सहजता से उनके जवाब दिए। इस दिलचस्प संवाद ने गंभीर मुद्दों के बीच भी मुस्कान और मनोरंजन की एक अलग छाप छोड़ दी।
अब बात करते हैं प्रियंका गांधी की। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर एक मजेदार किस्सा शेयर किया है और बताया है कि उन्होंने आलिया भट्ट नाम की एक गाय से मुलाकात की। दरअसल प्रियंका की मुलाकात डेयरी किसानों के एक समूह से हुई। यहां उन्हें एक गाय मिली, जिसका नाम आलिया भट्ट था। इसके बाद प्रियंका ने ये वाकया अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया और उसमें बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट को टैग भी किया।
प्रियंका ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, एक प्यारे से परिवार द्वारा संचालित डेयरी फार्म में डेयरी किसानों के एक समूह से मुलाकात हुई (और आलिया भट्ट नाम की एक गाय भी मिली! आलिया भट्ट से क्षमा चाहती हूं, लेकिन वह वाकई बहुत प्यारी थीं!)
प्रियंका ने कहा, दुर्भाग्य से डेयरी किसान कई मुश्किलों से जूझ रहे हैं और कई तो अपना गुजारा भी नहीं कर पा रहे हैं। मैं संबंधित मंत्रालय को पत्र लिखकर उन्हें पशु चिकित्सा दवाओं की बढ़ती कीमतों, पर्याप्त बीमा कवरेज की कमी और अच्छी गुणवत्ता वाले पशु आहार तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयों सहित उनके सामने आने वाली कई समस्याओं से अवगत कराना चाहती हूं। प्रियंका ने कहा, मैं उन सभी किसानों का आभार व्यक्त करती हूं जिन्होंने मुझे इन मुद्दों को समझाने में अपना समय दिया। मैं उनकी हर संभव मदद करूंगी।
यह भी ध्यान देने की बात है कि एक बार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपनी बोट यात्रा के पहले पड़ाव के रूप में दुमदुमा घाट को चुना। यहां पर उन्होंने एक सभा को संबोधित किया और आम लोगों से सीधे संवाद किया। प्रियंका ने यहां से मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते कुछ समय में किसानों को काफी समस्या हुई है, आज देश में बेरोजगार घूम रहे हैं। किसानों की मदद के लिए कोई सामने नहीं आ रहा है। प्रियंका ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने उद्योगपति दोस्तों को हजारों-करोड़ रुपये दे दिए। प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी 140 किमी. की यात्रा में जगह-जगह इसी
तरह रुकीं और आम लोगों से संवाद किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी ने नई राजनीति की शुरुआत करने के लिए यूपी भेजा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसानों के नहीं बल्कि अमीरों के चैकीदार होते हैं। आज देश में किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है।(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)