घरेलू उपाय से भी सर्दियों में खिले रहेंगे गुलाब

फूलों का राजा गुलाब होता है। लोग अपने घरों के लाॅन में गुलाब अवश्य लगाते हैं लेकिन सर्दियों के मौसम में गुलाब के पौधों में फूल नहीं आता, पौधे खाली हो जाते हैं और इस से गाडन की खूबसूरती पर भी असर पड़ता है लेकिन कुछ घरेलू उपाय से इसको ठीक कर सकते हैं, इस से सर्दियों में आपका पौधा भी फूलों से भर जाएगा। सर्दियों के मौसम में जैसे-जैसे तापमान गिरता है, पौधों की वृद्धि धीमी हो जाती है और कली बनने की प्रक्रिया रुक जाती है। कई बार लोग खाद-पानी सही दे रहे होते हैं, फिर भी पौधे सुस्त पड़ जाते हैं। कुछ घरेलू उपाय को अपनाकर आप अपने गुलाब के पौधों को बेहतर बना सकते हैं और इससे सर्दियों के मौसम में भी आपका पौधा गुलाब के फूलों से भर जाएगा।
ठंड के मौसम में गुलाब के पौधों के आसपास की मिट्टी को हल्का ढीला बनाए रखना चाहिए। ऐसा करने से हवा का प्रवाह काफी अच्छा होता है। इसके लिए हर 15 दिन पर पौधे की मिट्टी को हल्का-सा कुरेदकर उसमें दो चम्मच सरसों की खली का घोल मिला दें। सरसों की खली से धीमी पड़ी वृद्धि दुबारा तेज हो जाती है। घर में बनने वाला चावल का मांड भी गुलाब के लिए बहुत फायदेमंद होता है। सप्ताह में एक बार मांड पौधे में डालने से मिट्टी में मौजूद अच्छे बैक्टीरिया सक्रिय होते हैं और जड़ों की क्षमता बढ़ती है। इससे गुलाब के पौधे खिल जाएंगे और पौधा फूलों से भर जाएगा।
इस संदर्भ में केले का छिलका भी बड़े काम का होता है। केले के छिलकों को सुखाकर पाउडर बना लें और हर 20 दिन में एक चम्मच मिट्टी में मिला दें। इससे पौधे में कलियां बनने की प्रक्रिया फिर से शुरू होती है। घर में मौजूद दही, गुड़ और हल्का सा नींबू का पानी मिलाकर उसे गुलाब के पौधों में डालें। इसके लिए एक कटोरी पानी में एक चम्मच दही मिलाकर महीने में एक बार इसका प्रयोग करना चाहिए। इसके अलावा एक लीटर पानी में एक छोटा टुकड़ा गुड़ डालकर इसका घोल बना लें और महीने में एक बार इसका भी प्रयोग करना चाहिए। कई बार मिट्टी में पीएच की मात्रा कम होने के कारण भी पौधों में फूल कम लगते हैं। ऐसे में नींबू का घोल इसके पीएच स्तर को बढ़ाने का काम करता है।
(आर.एस. द्विवेदी-हिफी फीचर)