विदेश

ट्रम्प पर जानलेवा हमला

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डी.सी. में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना ने न केवल वहां मौजूद सैकड़ों लोगों को दहशत में डाल दिया, बल्कि अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यह घटना उस समय हुई जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने संबोधन की तैयारी कर रहे थे और कार्यक्रम अपने चरम की ओर बढ़ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक 5 से 8 गोलियों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद पूरे हॉल में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबलों के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के जवान तेजी से हॉल में पहुंचे और राष्ट्रपति ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में राष्ट्रपति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और तत्काल कोई मौत की पुष्टि नहीं हुई।
यह कार्यक्रम वर्षों से वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित होता रहा है, जहां आमतौर पर सुरक्षा व्यवस्था सीमित दायरे में होती है। इसी ढिलाई का फायदा उठाकर हमलावर ने अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि, बाहर लगे सुरक्षा चेकपॉइंट ने उसकी योजना को पूरी तरह सफल नहीं होने दिया और समय रहते उसे काबू कर लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर “हिंसक अपराध के दौरान हथियार के इस्तेमाल” तथा “संघीय अधिकारी पर हमला” जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी “लोन वुल्फ” था, यानी उसने यह हमला अकेले अंजाम देने की कोशिश की। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह भारी हथियारों से लैस था और उसका इरादा अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाने का था।
इस घटना ने अमेरिकी लोकतंत्र के एक महत्वपूर्ण प्रतीकात्मक आयोजन को झकझोर दिया है। यह डिनर न केवल मीडिया और सत्ता के बीच संवाद का मंच होता है, बल्कि इसे लोकतांत्रिक परंपराओं का उत्सव भी माना जाता है। ऐसे में इस तरह की हिंसक घटना ने सुरक्षा खामियों और बढ़ते खतरे की ओर इशारा किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस घटना की प्रतिक्रिया देखने को मिली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि “लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।”
कुल मिलाकर, यह घटना केवल एक सुरक्षा चूक नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा की प्रवृत्ति का संकेत भी है। अब देखना होगा कि अमेरिका इस घटना से क्या सबक लेता है और भविष्य में ऐसे आयोजनों की सुरक्षा को कैसे और मजबूत करता है।
(वीपी राहुल-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button