तारा शर्मा ने फिल्म में काम करने के लिए छोड़ दी थी नौकरी

अपनी पहली फिल्म ओम जय जगदीश के 24 साल पूरे होने पर एक्ट्रेस तारा शर्मा ने एक्टिंग में करियर बनाने के लिए लंदन में अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ने के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में उन्हें इस बदलाव को लेकर घबराहट हो रही थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा, मेरी पहली फिल्म की शूटिंग में कितना मजा आया था। आज 24 साल हो गए इसके बाद उन्होंने अल्का याग्निक और सोनू निगम के गाने चोरी चोरी के बारे में बात की, जो उन पर और अभिषेक बच्चन पर फिल्माया गया था।
उन्होंने लिखा, हमारे गाने चोरी- चोरी की एक झलक, शानदार पहले को-एक्टर बनने और मुझे इतना सहज महसूस कराने के लिए धन्यवाद। खासकर इसलिए क्योंकि आप लगातार मेरा मजाक उड़ाते रहते थे, हाहा! इससे मुझे तब बहुत मदद मिली, जब मैं डांस स्टेप्स गलत होने से डरी हुई थी। बहुत खुशी है कि आपको एक्टिंग के लिए वो तारीफ मिल रही है जिसके आप हकदार हैं। उन्होंने अनुपम खेर का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने 2002 की इस फिल्म से डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू किया था। अनुपम खेर जी, मुझे इस फिल्म में कास्ट करने के लिए धन्यवाद। आपके साथ फिल्मों में एक्टिंग का सफर शुरू करने के लिए मैं आभारी हूं। तारा ने आगे कहा, हमारी साथ की दूसरी फिल्मों, जैसे खोसला का घोसला 1 और 2 के दौरान भी, मैं अक्सर आपसे सलाह लेती हूं और आपके टैलेंट, पॉजिटिविटी, ह्यूमर और शब्दों के खेल में महारत की तारीफ करती हूं।
तारा ने बाकी शानदार कास्ट और क्रू का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, लंदन में कॉर्पोरेट नौकरी छोड़कर पेड़ों के आस-पास डांस करना- यह उस फर्क को दिखाने का मेरा थोड़ा मजाकिया अंदाज है। हालांकि हमारे मामले में यह रेगिस्तान के टीलों पर डांस करना था! एक्टिंग के मेरे जुनून ने मुझे इस तरफ खींचा, लेकिन इस बदलाव से मैं काफी डरी हुई थी। मैं अक्सर घबराई हुई दिखती थी- भले ही अंदर से कॉन्फिडेंट थी- और शुरू में इस पूरे अनुभव को लेकर थोड़ी नर्वस थी। एक्ट्रेस ने आगे कहा, लेकिन आप सभी का शुक्रिया, यह बदलाव आसानी से हो गया। बहुत मजेदार और खास रहा। आधी भारतीय और आधी इंग्लिश होने के नाते मेरे इंग्लिश कजिन आज भी उस स्क्रीनिंग को याद करके मुस्कुराते हैं और बताते हैं कि उन्हें यह कितना पसंद आया। (हिफी)



