कांग्रेस का भरोसा तोड़ रही ‘आप’

राजनीति में कोई किसी का स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता है लेकिन गठबंधन धर्म का पालन तो करना ही चाहिए। विपक्षी दलों ने इंडिया नाम से एक गठबंधन बनाया है जिसमें कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों शामिल हैं। गठबंधन का तकाजा तो यही कि दोनों राजनीतिक दलों को गठबंधन धर्म का पालन करना चाहिए लेकिन दोनों ही पार्टियां अपना-अपना स्वार्थ देख रही हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा के बाद अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और आप आमने-सामने हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। कांग्रेस ने भाजपा से यहां की सत्ता छीनी थी। उस समय तक दो ही दलों मंे टक्कर होती थी। इस बार आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल ने पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने प्रत्याशियों की दो सूची भी जारी कर दी हैं। उधर, भाजपा से मुकाबले के लिए कांग्रेस तरह-तरह के प्रयास कर रही है। इसी क्रम में गांधी जयंती पर कांग्रेस ने भरोसा यात्रा निकाली। जनता सवाल कर सकती है कि भरोसा तो सहयोगी दल ‘आप’ तोड़ रहा है। पहले उसका भरोसा जुटाइए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की चिंता को ‘आप’ ने बढ़ा दिया है। भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भूपेश सरकार पर खुलकर हमला बोल रहे हैं।
इंडिया गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। आप पार्टी की दूसरी लिस्ट में 12 प्रत्याशियों की घोषणा कि गई है। इसमें खास बात ये है कि पार्टी ने कांग्रेस की मजबूत समझी जाने वाली सीटों पर फोकस किया है। इसके पहले आम आदमी पार्टी अपने 10 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के मैदान में उतरने से किसको ज्यादा नुकसान होगा ये तो वक्त ही बताएगा लेकिन जानकारों का मानना है आम आदमी पार्टी जेसीसीजे के कमजोर होने से जो खालीपन आया है उसे भरेगी। भाजपा और कांग्रेस से नाराज वोटर आम आदमी पार्टी के पक्ष में हो सकता है। कांग्रेस सत्ता में है ऐसे में सरकार से नाराज वोटर आप पार्टी की ओर भी जा सकता है। ऐसा माना जाता है कि भाजपा का अपना कैडर वोट है ऐसे में भाजपा के वोट में कम ही सेंध लग पाएगी। वैसे भी आप ने जिन सीटों पर अभी उम्मीदवार उतारे हैं वे कांग्रेस के लिए मजबूत सीट समझी जाती है।
छत्तीसगढ़ में ये चर्चा थी कि आम आदमी पार्टी सांकेतिक चुनाव लड़ेगी लेकिन अब आप पार्टी ने साफ कर दिया है कि वे जीतने के लिए मैदान में है। खुद पार्टी के सीनियर नेता संजीव झा ने कहा है कि उनकी पार्टी राज्य में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और राज्य के लोगों को विकल्प उपलब्ध कराएगी। जाहिर है ऐसे में इंडिया अलायन्स को बढ़ा झटका लग सकता है।
छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गांधी जयंती के मौके पर प्रदेशभर में भरोसा यात्रा निकाली गई। कोंटा विधानसभा से उद्योग एवं आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने दोरनापाल से बाइक रैली की शुरुआत की, जो जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आकर समाप्त हुई।
सभा को संबोधित करते हूए मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने जनता के बीच भरोसा हासिल किया है। हमने घोषणा पत्र के 36 वादों में से 25 को पूरा किया है। 51 ऐसी योजनाएं दी हैं जिससे हर वर्ग को फायदा मिल रहा है। राशन कार्ड, स्वास्थ्य, किसानों, महिलाओं और युवाओं का जो विश्वास हमने अर्जित किया है उसे अब जनता के बीच लेकर जा रहे हैं। मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि एनएमडीसी से बस्तर के युवाओं को बहुत उम्मीदें हैं। केंद्र की मोदी सरकार इसका निजीकरण कर बस्तर के सैकड़ों युवाओं के सपनों को कुचल रही है। बस्तर के आदिवासियों में इसको लेकर भारी नाराजगी और आक्रोश है। इसलिए आदिवासी समाज ने 3 अक्टूबर को बंद का आह्वान किया है। उद्योग मंत्री होने के नाते एनएमडीसी के निजीकरण के विरोध में विधानसभा में प्रस्ताव लाया था जिसका समर्थन भाजपा के बड़े नेताओं ने भी किया था। उसको भी केंद्र सरकार ने ठुकरा दिया। कांग्रेस सरकार इसके लिए दोगुनी कीमत देने को तैयार है।
कांग्रेस के दावे के विपरीत पीएम मोदी ने कहा छत्तीसगढ़ में विकास कार्य केवल पोस्टर और बैनर पर दिखता है। कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड बताता है कि उसकी मंशा राज्य का विकास करना नहीं है बल्कि यहां के खनिजों को बाहर बेचने और अपना जेब भरने की है। स्टील कारखाने के शिलान्यास में सरकार के किसी प्रतिनिधि का नहीं आना इसे साबित करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जगदलपुर में आयोजित जनसभा में जनता को संबोधित कर रहे थे। मिशन छत्तीसगढ़ के तहत मोदी 3 दिनों में दूसरी बार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आए थे। सभा में मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम में राज्य सरकार का कोई प्रतिनिधि इसलिए नहीं आया क्योंकि मोदी के सामने भ्रष्टाचार करने वाला कोई शख्स नहीं आ सकता है। इसके अलावा इन्हें पता है कि उनकी सरकार जाने वाली है उन्हें अपनी सरकार बचाने की चिंता है, वो इसी में लगे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनेगी तो मैं धान किसानों का पूरा-पूरा ध्यान रखने की गारंटी देता हूं। मोदी आज कहने आया है कि आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। यही मोदी की गारंटी है। 15 सालों तक इन्हें छत्तीसगढ़ को लूटने का मौका नहीं मिला तो वे पांच सालों में कसर पूरा कर रहे हैं। इन लोगों ने गायों और गाय के गोबर तक भी नहीं छोड़ा। कांग्रेस के नेताओं ने अपने रिश्तेदारों और बेटों को भर्ती कर दिया। इनकी पार्टी तो राजनीति में भी अपने ही बच्चों को सेट करती है।
मोदी ने कहा कि इन लोगों को आपके प्लॉट हड़पने नहीं दूंगा। उन्होंने कहा कि आप कांग्रेस की सरकार बदलिए भाजपा इस पूरे लूटतंत्र को बदल देगी। भाजपा की सरकार बनते ही पीसीएस भर्ती घोटाले की जांच होगी। हर नौजवान को पूरा इंसाफ मिलेगा। पीएम मोदी ने जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि जितनी आबादी उतना हक, लेकिन मैं कहता हूं मेरे लिए गरीब ही सबसे बड़ी आबादी है। गरीब का कल्याण ही मेरा मकसद है।
जनसभा को संबोधित करने से पहले उन्होंने 26 हजार करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क का पूरी तरह बिजलीकरण हो चुकी है इसलिए यहां वंदे भारत ट्रेनें चलाईं जा रही है। राज्य के 30 से ज्यादा स्टेशनों को अमृत भारत योजना में शामिल किया गया है। इसमें से सात स्टेशनों को फिर से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में जगदलपुर स्टेशन का भी विकास किया गया है जो शहर की तस्वीर बदलेगा। आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है उससे छत्तीसगढ़ में विकास को नई रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा भारत का भाग्य बदलने में छत्तीसगढ़ भी अपनी भूमिका अदा करेगा। इस प्रकार भाजपा-कांग्रेस के मुकाबले मंे आपका कूद पड़ना कांग्रेस को ही भारी पड़ेगा। (हिफी)
(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)