देश

भाजपा के अग्रिम मोर्चों और क्षेत्रीय टीमों की घोषणा जल्द, कई के प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा

लखनऊ। भाजपा के अग्रिम मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और संगठनात्मक छह क्षेत्रों की टीमों की घोषणा जल्द होगी। पार्टी ने अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक संगठनात्मक फेरबदल की कार्रवाई पूरी करने की योजना बनाई है।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी की जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जानी है। विधायक आशीष सिंह आशू, मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी अभिषेक कौशिक, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, वरुण गोयल, देवेंद्र पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित मिश्रा, प्रशांत द्विवेदी, नितिन मित्तल, अनुभव द्विवेदी, शैलेंद्र मौर्या सहित अन्य दावेदार हैं। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। पार्टी में एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत है। लिहाजा कश्यप की जगह जल्द ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में एमएलसी रामचंद्र प्रधान, कानपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल यादव, एमएलसी अवनीश सिंह पटेल, विधायक गुड्डू राजपूत, बृज के क्षेत्रीय मंत्री राहुल चौधरी शामिल हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य की जगह भी नए नाम की तलाश है। क्षेत्रीय टीमों की घोषणा जल्दरू भाजपा के जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद अब अवध, कानपुर-बुंदेलखंड, पश्चिम, बृज, गोरखपुर और काशी क्षेत्र की टीमों की घोषणा की कवायद शुरू हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिलाध्यक्ष पद से हटाए गए कुछ नेताओं को क्षेत्रीय टीमों में जगह मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक नवनियुक्त जिलाध्यक्ष भी जल्द ही अपनी नई टीम घोषित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button