हरियाणाा विधानसभा में मिली भाजपा को बूस्टर डोज, आप निराश, कांग्रेस मायूस

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में मिली जीत से दिल्ली भाजपा को बूस्टर डोज मिली है। भाजपा नेतृत्व इस जीत को अपने कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी मान रहा है। सियासी हलकों में अब डबल इंजन की सरकार बनाने के कैंपेन को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भुनाने की चर्चा शुरू हो गई है।
यह इसलिए भी अहम माना जा रहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान आप और कांग्रेस ने डबल इंजन की सरकार के भाजपा के नारे पर हमला बोला था। जीत के बाद भाजपा अब कांग्रेस और आप को मुफ्त की रेवड़ी देने के भरोसे पर भी घेर सकेगी। हरियाणा विधानसभा चुनावी जीत को दिल्ली भाजपा अपने पक्ष में मान रही है। राजनीतिक जानकारों की माने तो हरियाणा चुनाव में उम्मीद थी कि कांग्रेस के साथ आप का भी ग्राफ ऊपर जाएगा।
लोग अब विकास को प्राथमिकता देते हैं आम आदमी पार्टी के झूठे वादों और मुफ्त की रेवड़ियों को नहीं। दिल्ली की जनता को धोखा देने वाली आम आदमी पार्टी की हरियाणा में सभी सीटों पर जमानत जब्त हो गई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हरियाणा ने शून्य दिया है, दिल्ली में भी केजरीवाल को शून्य पर ला देगी। हरियाणा की विकासशील जनता ने कांग्रेस की जात-पात की राजनीति को नकार दिया। दिल्ली व पंजाब में सरकार के नाम पर छलावा कर रहे अरविंद केजरीवाल को पूरी तरह ठुकरा दिया है। भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि हरियाणा की जनता ने केजरीवाल को भ्रष्ट साबित कर दिया है। हरियाणा के बाद दिल्ली में भी अब यही नतीजे आएंगे। हरियाणा की तरह दिल्ली की जनता भी केजरीवाल को वोट न देकर यह साबित कर देगी कि केजरीवाल कट्टर बेईमान है। जनता की अदालत ने उनको निर्दोष साबित नहीं किया है। हरियाणा चुनाव के नतीजों ने दिल्ली व पंजाब की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) और उसके कार्यकर्ताओं को मायूस किया है। शीर्ष नेतृत्व के हाई प्रोफाइल चुनावी अभियान के बावजूद आप हरियाणा में खाता नहीं खोल सकी। प्रदेश की 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही आप को दो फीसदी वोट भी नहीं मिले हैं। हालांकि, इसकी भरपाई जम्मू कश्मीर में हुई इंट्री से आप नेता गदगद दिखे। संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत आप के शीर्ष नेतृत्व ने एक सीट हासिल करने की खुशी जाहिर की।