भाजपा विधायक चिंतामणि मालवीय को पार्टी ने थमाया नोटिस

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा ने आलोट विधानसभा से पार्टी के विधायक चिंतामणि मालवीय को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। यह नोटिस विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मालवीय द्वारा उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण को लेकर सवाल उठाने के कारण जारी किया गया है। भाजपा संगठन की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि मालवीय के बयानों और कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। इस संबंध में विधायक से सात दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। बता दें, भाजपा संगठन विधायक मालवीय के अपनी ही सरकार को घेरने से नाराज है।
चिंतामणि मालवीय ने बजट सत्र के दौरान कहा था कि मुख्यमंत्री जी का मैं धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने उज्जैन सिंहस्थ के लिए 2 हजार करोड़ रुपए की राशि रखी है। उज्जैन को गर्व है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उज्जैन से हैं, लेकिन आज उज्जैन का किसान बहुत डरा और परेशान है। सिंहस्थ के नाम पर पहले उसकी जमीन केवल 3 से 6 महीनों के लिए अधिग्रहित की जाती थी, लेकिन अब उन्हें स्थायी अधिग्रहण का नोटिस दिया गया है।