कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को गढ़ में ही घेरेंगे भाजपा के दिग्गज

राजगढ़। भारतीय जनता पार्टी की दमदार पकड़ वाले मध्य अंचल में राजगढ़ ही एक ऐसा जिला है जहां कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति बनी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के इस किले पर भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से तगड़ा हमला करने जा रही है। इस यात्रा में दो प्रदेशों के मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और तीन केंद्रीय मंत्री मिलकर कांग्रेस और विशेष तौर पर दिग्गी राजा पर हमला बोलेंगे।
भाजपा ने राजगढ़ के लिए इन नेताओं का चयन बहुत सोच-समझकर किया है जिससे हमले को धारदार बनाया जा सके। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपनी दादी राजमाता विजयाराजे सिंधिया और पिता माधवराव सिंधिया से क्षेत्र की जनता का स्नेह याद दिलाएंगे वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर राजपूत वोट बैंक को लुभाएंगे।
जन आशीर्वाद यात्रा 12 सितंबर को आगर जिले के नलखेड़ा से शुरू होकर राजगढ़ जिले में खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र के नांदनी गांव से प्रवेश करते हुए छापीहेड़ा पहुंचेगी। यहां पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व अनुराग ठाकुर शामिल होंगे। माचलपुर में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत पहुंचेंगे, जहां तीनों नेता आमसभा करेंगे। खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र में सिंधिया व अनुराग ठाकुर 80 किमी का क्षेत्र कवर करते हुए 18 नगर व कस्बों तक पहुंचेंगे। सिंधिया यहां से खिलचीपुर सहित जिले के मतदाताओं को पीढिघ्यों पुराना रिश्ता होना याद दिलाते नजर आएंगे। उनकी दादी राजमाता सिंधिया व पिता माधवराव सिंधिया यहां के एक हिस्से का सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व करते थे।
राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में होड़ामाता का मंदिर है, जो खिलचीपुर विधानसभा से सटा हुआ है। होड़ा माता सिंधिया परिवार की कुलदेवी हैं जबकि राजगढ़ के तंवर समाज की भी यही कुलदेवी हैं। इस स्थान पर ज्योतिरादित्य की बुआ वसुंधराराजे सिंधिया राजस्थान की मुख्यमंत्री रहते हुए भी कई बार आ चुकी हैं।
2013 के कार्यकाल में मप्र सरकार में मंत्री रहीं दूसरी बुआ यशोधराराजे राजगढ़ की प्रभारी मंत्री के रूप में जब यहां आती थीं तो वह भी यहां दर्शन के लिए जाती थीं। इसके अलावा होड़ा माताजी राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निवासरत बड़े वोट बैंक तंवर समाज की भी कुल देवी हैं। हालांकि खिलचीपुर से कांग्रेस विधायक प्रियव्रत सिंह भी इन्हें कुलदेवी मानते हैं।
सिंधिया भले ही रोड शो खिलचीपुर में करेंगे, लेकिन उनकी नजर राजगढ़ व ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र तक रहेगी। राजगढ़ विधानसभा में तंवर समाज के 40 हजार से अधिक मतदाता हैं। जिले का ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र 1967 व 71 में गुना लोकसभा में आता था। उस समय 67 में दादी राजमाता विजयराजे सिंधिया व 71 में पिता माधवराव सिंधिया यहां से सांसद रह चुके हैं।
दिग्विजय सिंह के प्रभाव के चलते राजपूत मतदाताओं का झुकाव कांग्रेस की ओर है। इसी लिए यहां नरेंद्रसिंह तोमर व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को यहां उतारा जा रहा है। दोनों नेता राजपूत वर्ग के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की जुगत में रहेंगे। जबकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का प्रभाव आम मतदाताओं के साथ ब्राह्मण वोटों पर भी रहेगा। वे ब्राह्मण मतों को भी साधने का प्रयास करेंगे। सभी वर्गों में समान रूप से लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नरसिंहगढ़ में आमसभा को संबोधित कर प्रदेश व केंद्र की योजनाओं का हवाला देते हुए मतदाताओं को जोड़ेंगे। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत गोवा मप्र व केंद्र की योजनाओं के सहारे जिलेवासियों से जुड़ेंगे।