गुलामी के प्रतीक पुराने कानूनों में परिवर्तन ऐतिहासिक: सीएम मोहन यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुलामी के प्रतीकों को समाप्त करने के क्रम में कुछ कानूनों में आमूलचूल परिर्वतनों का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देश में लागू पुलिस और न्याय व्यवस्था से जुड़े कई बदलाव किए जा रहे हैं। सीएम ने द पोलिमेथ सोसाइटी द्वारा नवीन न्याय संहिता पर आयोजित वेबिनार में यह बात कही। डॉ. यादव ने कहा कि यह समाज के लिए सुव्यवस्थाएं स्थापित करने का प्रयास है। अच्छे और सकारात्मक भाव के साथ किए गए इन परिवर्तनों के लिए केंद्र सरकार बधाई की पात्र है।
राजा विक्रमादित्य की न्याय परंपरा से भी तत्कालीन समाज लाभान्वित था। प्रधानमंत्री मोदी ने अंग्रेजों के शासन काल से लागू कानूनों में आवश्यक परिवर्तन का ऐतिहासिक कार्य किया है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने करीब 400 घंटे के परिश्रम और विभिन्न स्तर की बैठकों के बाद व्यापक विचार-विमर्श पश्चात नए कानूनों के प्रारूपों को अंतिम रूप प्रदान किया है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर सुझाव भी प्राप्त किए गए। पूर्व में भी नई शिक्षा नीतिरू 2020 लागू करने के पहले करीब दो लाख लोगों के सुझाव प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस वेबिनार के आयोजन के लिए पोलीमेथ सोसाइटी को बधाई दी। प्रारंभ में सोसायटी की ओर से राजीव ने भारतीय न्याय संहिता के क्रमिक विकास की यात्रा की जानकारी दी।