सहानुभूति के कार्ड से खिला ‘कमल’, शुरुआत से फिनिशिंग लाइन तक दिखी सीएम धामी की रणनीति

देहरादून। चंपावत उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव में भी विजय का परचम फहराया। भाजपा की इस जीत में शुरुआत से फिनिशिंग लाइन तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की रणनीति दिखाई दी। एक बार फिर भाजपा सहानुभूति का कार्ड खेलने में कामयाब रही। रणनीतिक ढंग से चुनाव प्रबंधन के मोर्चे पर धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को उतारा गया। एक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य भी मोर्चे पर डटी दिखाई दीं। स्टार प्रचारक की भूमिका में सरकार के मंत्री भी सिलसिलेवार बागेश्वर के रण में पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुरुआत से ही काफी सक्रिय दिखे।
उन्होंने पहले दिन ही प्रचार मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा और उपचुनाव के अंतिम तक रोड शो व जनसभाएं कीं और जनसंपर्क अभियान में शामिल हुए। सीएम और मंत्रियों ने धामी सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास के भावी रोडमैप का प्रचार कर भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास के पक्ष में वातावरण बनाने की कोशिश की।
उपचुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट इसका श्रेय धामी सरकार की नीतियों और डबल इंजन की सरकारों के विकास कार्यों को देते हैं। वह कहते हैं, जनता ने भाजपा सरकारों पर अपना भरोसा जताया है।
भाजपा की जीत पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर की जनता का आभार जताते हुए कहा, यह विजय मातृशक्ति, युवा शक्ति और वरिष्ठजनों के हमारी सरकार पर अटूट विश्वास का प्रमाण है। बागेश्वर की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और राज्य सरकार की नीतियों व जन कल्याणकारी योजनाओं पर मुहर लगाई है। यह जीत चंदनराम दास को श्रद्धांजलि है। उनके समय के रुके हुए कार्यों और उनके सपनों को पूरा किया जाएगा। बागेश्वर की जनता ने राज्य सरकार पर जो विश्वास जताया है, बागेश्वर का विकास किया जाएगा। भाजपा ने बागेश्वर उपचुनाव की जीत को स्वर्गीय चंदन राम दास के कामों, धामी सरकार की विकास नीति व डबल इंजन की सरकार के कार्यों पर जनता की मुहर बताया। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे 2024 लोकसभा चुनाव के लिए शुभ बताते हुए सभी सीट जीतने का दावा किया। उन्होंने इस जीत के लिए बागेश्वर की जनता का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि पार्वती दास के नेतृत्व में स्वर्गीय रामदास के क्षेत्रीय विकास को लेकर अधूरे सपनों को पूरा किया जाएगा। पार्टी कार्यालय में जीत की खुशी में आतिशबाजी हुई। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान समेत कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।