कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सिर्फ छलावा : अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को महज छलावा करार दिया और बोले कि इसके वरिष्ठ नेताओं को ही न्याय नहीं मिल रहा है और वे दूसरी पार्टियों में शामिल हो रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की न्याय यात्रा एक धोखा है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी लोगों को न्याय देने की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि कांग्रेस नेता खुद न्याय से वंचित हैं। ऐसे नेताओं की एक लंबी फेहरिस्त है जिन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है क्योंकि उन्हें पार्टी में ही न्याय नहीं मिला। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है और उनके साथ जुड़ने के इच्छुक हैं।विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए पर कटाक्ष करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह गठबंधन नहीं बल्कि मनोरंजन है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली हार के बाद आज सहयोगी दल भी कांग्रेस के साथ गठबंधन करने से कतरा रहे हैं। डूबते जहाज पर कोई सवारी नहीं करना चाहता। कांग्रेस स्वयं तो डूबी ही है, अपने साथ अन्य दलों को भी डुबो रही है। आगे बोले कि एक तरफ बंगाल में ममता बनर्जी सीटें देने को तैयार नहीं हैं तो दूसरी तरफ नीतीश कुमार संयोजक बनने को तैयार नहीं। शरद पवार पल्ला झाड़ रहे हैं और जब मल्लिकार्जुन खरगे का नाम आया तो गांधी परिवार तैयार नहीं है। यही नहीं, अनुराग ने कहा कि कुछ दल केवल राजनीतिक मंशा से श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध कर रहे हैं और निमंत्रण भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। यह आस्था व सनातन का कार्यक्रम है, इसलिए किसी को भी श्रीराम मंदिर के निर्माण को लेकर इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए। कांग्रेस ऐसा करके अपना हिंदू विरोधी चेहरा सामने ला रही है।
उधर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राहुल की न्याय यात्रा पर हमला बोला। उन्होंने राहुल से सवाल पूछा कि क्या उन्होंने 1984 में अत्याचार झेलने वाले सिख समुदाय के लोगों के लिए न्याय के बारे में विचार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद सदा विचलित रहते हैं और कुछ भी कहते रहते हैं।