अमेरिका में भीषण भूकम्प, सुनामी की चेतावनी

अमेरिका में एक बार फिर भूकंप से खलबली मची है। अमेरिकी राज्य अलास्का में जोरदार भूकंप आया है। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.3 है, जो कि काफी खतरनाक है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने इसकी जानकारी दी है। भूकंप के बाद अलास्का के लोगों पर एक और खतरा मंडरा रहा है। भयावह भूकंप के कारण अब पूरे इलाके में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। भूकंप इतना तेज था कि धरती डोलने लगी। लोग कांपने लगे और घरों से बाहर निकल सड़क की ओर भागने लगे।
यूएसजीएस यानी अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, 16 जुलाई को अमेरिकी राज्य अलास्का के तट पर दोपहर 12 बजकर 37 मिनट पर (लोकल टाइम) 7.3 तीव्रता का भूकंप आया। इस भूकंप का केंद्र द्वीपीय शहर सैंड पॉइंट से करीब 87 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। भूकंप का केंद्र अपेक्षाकृत कम गहराई पर 20.1 किलोमीटर की गहराई पर था। अलास्का की जनसंख्या करीब 7.5 लाख है। ऐसे में इन लोगों पर सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। भूकंप के बाद दक्षिण अलास्का और अलास्का प्रायद्वीप के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का स्थित राष्ट्रीय सुनामी चेतावनी केंद्र पामर ने कहा कि भूकंप के बाद अब सुनामी की पुष्टि हो गई है और इसके कुछ प्रभाव भी पड़ने की आशंका है। बहरहाल, भूकंप से अब तक कितनी तबाही हुई है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। केंद्र ने कहा कि सुनामी की यह चेतावनी दक्षिण अलास्का और अलास्का प्रायद्वीप, कैनेडी एंट्रेंस, अलास्का (होमर से 40 मील दक्षिण-पश्चिम) से लेकर यूनिमक पास, अलास्का (उनालास्का से 80 मील उत्तर-पूर्व) तक प्रशांत तटों” के लिए जारी की गई हैं। दरअसल, अलास्का भूकंपीय रूप से काफी सक्रिय इलाका है। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो भूकंप के कारण लोगों में दहशत का माहौल है।