भारतीय नारी का उपहास उड़ाती कुलटाएं!

(मनोज कुमार अग्रवाल-हिफी फीचर)
अब बिहार में इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड जैसा ही मामला सामने आया है। यह मामला औरंगाबाद का है, जहां एक नव विवाहिता पत्नी ने अपने फूफा के साथ मिलकर शादी के 45 दिन बाद पति को मौत के घाट उतरवा दिया। मृतक की पहचान 24 साल के प्रियांशु के तौर पर हुई है। महिला का अपने फूफा के साथ 15 साल से अफेयर चल रहा था। गत 24 जून की रात को आरोपी महिला पति के साथ नवी नगर रेलवे स्टेशन से घर के लिए निकली थी। पति की लोकेशन भेज कर भाड़े के हत्यारों को जानकारी दी गई। हत्यारों ने योजनाबद्ध तरीके से रास्ते में प्रियांशु को गोली मार दी। पुलिस मानकर चल रही थी कि सुपारी देकर हत्या करवाई गई है। पुलिस ने जैसे-जैसे जांच की, शक की सुई मृतक की पत्नी गुंजा सिंह पर टिक गई। पुलिस के सख्ती बरतने पर महिला ने पूरा भेद खोल दिया। गुंजा सिंह का अपने फूफा 52 साल के जीवन सिंह के साथ अफेयर था। दोनों एकसाथ रहना चाह रहे थे, लेकिन पारिवारिक दबाव के चलते गुंजा सिंह ने शादी कर ली।
शादी के बाद भी गुंजा अपने प्यार को भुला नहीं पाई और दोनों ने साथ रहने की सोची। दोनों ने अपने रास्ते में बाधा बन रहे प्रियांशु को हटाने की साजिश रची। जीवन सिंह ने प्रियांशु को मारने के लिए झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले मुकेश शर्मा और जयशंकर चैबे की मदद ली। दोनों हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं। 24 जून को प्रियांशु ने फोन पर पत्नी को लोकेशन की जानकारी दी थी। गुंजा ने अपने फूफा को फोन कर पूरा भेद खोल दिया था। इसके बाद दोनों बदमाश मौके पर पहुंचे और प्रियांशु को आते ही गोली मार दी। बाद में मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुंजा पर शक हुआ। पुलिस ने उसकी कॉल रिकॉर्डिंग निकलवाई और पूछताछ की। महिला ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। बताया जा रहा है कि अभी जीवन सिंह फरार है।
औरंगाबाद का यह मामला कहीं न कहीं मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी मर्डर मामले की याद दिलवाता है। मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में सोनम रघुवंशी नाम की महिला ने अफेयर के चलते पति का मर्डर करवाया था। इससे पहले भी कई ऐसे प्रेम प्रसंग के मामले सामने आ चुके है जिसमें शादी के बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। ऐसे ही कुछ मामलों के बारे में आपको बताते हैं जिसकी चर्चा पूरे देश में हुई है।
अभी राजा हत्याकांड का खुलासा हो ही रहा है कि 11जून को उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में सामने आए ऐसे ही एक और मामले ने सनसनी फैला दी है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और उसका शव फेंक दिया। पुलिस की जांच में पता चला है कि महिला पति को बलरामपुर ले गई और वहां नशीला पदार्थ खिलाकर प्रेमी की मदद से उसे पुल से राप्ती नदी में फेंक दिया था।महिला ने शादी के लगभग 18 साल बाद प्रेमी की चाह में उससे मिलकर पति की हत्या करवा दी। कन्नन से 18 साल पहले संगीता की शादी हुई थी। शादी के बाद कन्नन और संगीता का 12 साल का एक बेटा भी है। इस दौरान संगीता बलरामपुर निवासी अनिल शुक्ला उर्फ विवेक निवासी लक्षणपुर धर्मपुर थाना ललिया से प्रेम भी करती रही।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में भी एक मामला सामने आया, जहां शादी के 15 दिन बाद ही पति का मर्डर कर दिया गया। औरैया में दिलीप नाम के युवक की शादी के 15 दिन बाद ही हत्या कर दी गई। इस हत्या की साजिश दिलीप की पत्नी प्रगति ने अपने प्रेमी अनुराग के साथ मिलकर रची थी। प्रगति और अनुराग पिछले चार साल से रिलेशन में थे। प्रगति किसी भी हाल में अनुराग को पाना चाहती थी। ऐसे में उसने पति को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली। शादी के 15 दिन बाद 19 मार्च को दिलीप को गोली मारी गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में प्रगति और अनुराग को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ का सौरभ हत्याकांड काफी सुर्खियों में रहा था। 3 मार्च की रात मुस्कान ने अपने बॉयफ्रेंड साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। ये मर्डर केस इतना खौफनाक था कि सौरभ के शव को कई टुकड़ों में काटा और नीले रंग के ड्रम में भरकर सीमेंट से जमा दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया और मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर लिया। मुस्कान गर्भवती भी है। जेल में हुई प्रेग्नेंसी टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी तरह देवरिया में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई इसी साल 2025 के अप्रैल के महीने में उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से अपने पति की हत्या कर दी और शव को दो टुकड़ों में काटकर ट्रॉली बैग में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश की। नौशाद अहमद नामक पीड़ित 10 दिन पहले ही दुबई से लौटा था। मईल थाना क्षेत्र के भटौली गांव में उसके घर से करीब 55 किलोमीटर दूर तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक खेत में उसका क्षत-विक्षत शव मिला था। बलिया में प्रेमी के प्यार में पागल 50 साल की महिला ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। उसने भी हैवानियत की हदें पार कर दी थीं। महिला ने न सिर्फ अपने की हत्या की बल्कि उसके शव को 6 टुकड़ों में काटा और फिर घाघरा नदी के किनारे फेंक दिया। इसके बाद वो खुद ही पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने पहुंच गई थी। पुलिस ने छानबीन की तो उसके पति का शव बरामद हुआ। जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।
मेरठ में अमित कुमार की हत्या उसकी पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर की थी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए रविता ने अमित के शव के पास सांप रख दिया और कहा कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है। लेकिन इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई और सच छिप न सका। जांच में पता चला कि रविता और अमरदीप ने मिलकर अमित की गला घोंटकर हत्या की थी।
ऐसे ही एक केस आगरा जिले से आया था, जिसमें 11 मार्च 2025 को महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति का गला घोंटकर हत्या कर दी। सिर्फ इतना ही नहीं इसके बाद वो अपने पति के शव को ऑटो में रखकर 65 किलोमीटर दूर मथुरा जिले में फेंक आई थी। दरअसल महिला का एंबुलेंस ड्राइवर के साथ अफेयर चल रहा था। पति को इस बात की भनक लग गई थी। तभी महिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए यह प्रपंच रचा था।
हाल ही में अप्रैल माह में बिजनौर के फारूक की हत्या कर दी गई। फारूक सऊदी में काम करता था और गांव लौटा था। उसे पता चला कि उसकी पत्नी अमरीन का गांव के मेहरबान से प्रेम प्रसंग है। फारूक ने अमरीन की पिटाई की, जिससे नाराज होकर अमरीन ने मेहरबान के साथ मिलकर उसे मारने की साजिश रची। फिर मेहरबान और उसके साथी उमर ने फारूक को गोली मार दी।
जाहिर है कि इस तरह की वारदातों की झड़ी लगी है जिनमें विवाहित महिलाएं एक्स्ट्रा मैरेटियल अफेयर्स यानि अतिरिक्त विवाहेतर संबंधों के चलते अपने पति की नृशंसता से जान ले रहीं हैं। दरकते दाम्पत्य और भरोसे के कत्ल ने एक बार फिर यह साबित किया कि विवाह को संस्कार बनाया जाए। (हिफी)