हरेला पर्व हरियाली का प्रतीक, सभी लोग लगाए पेड़

नैनीताल। हरेला महोत्सव के अंतिम दिन विधायक राम सिंह कैड़ा के फोन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल वासियों को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि हरेला पर्व हरियाली का प्रतीक हैं। उन्होंने लोगों को बीते दिनों देश की सेवा में शहीद होने वाले पांच जवानों की याद में पांच-पांच पेड़ लगाने का आह्वान किया।
साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भीमताल का हरेला मेला ऐतिहासिक है। उन्होंने भीमताल वासियों को हरेले मेले की बधाई दी। इससे पूर्व रामलीला मैदान मल्लीताल में चल रहा छह दिनी हरेला मेला के समापन दिवस पर कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया।
लोक गायक राकेश खनवाल के क्रीम पौडरा घिसने किले ने… गीत पर दर्शक खूब झूमे। इसके अलावा बीएड कॉलेज भीमताल, सरस्वती शिशु भंडारी, भगवत मनराल, दीक्षा तोम्क्याल ने भी शानदार प्रस्तुति दी। विधायक ने मेले के सफल संचालन के लिए सभी का आभार जताया। महोत्सव में स्कूली बच्चों और कलाकारों को पुरस्कृत किया गया।