लेखक की कलम

हेमंत सरकार ने भी खोला खजाना

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)
झारखण्ड में विधानसभा चुनाव 13 व 20 नवम्बर को दो चरणों में होंगे। इससे पहले ही हेमंत सोरेन की सरकार ने खजाना खोल दिया। गत 14 अक्टूबर को हेमंत सरकार की अंतिम कैबिनेट बैठक हुई जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिये गये हैं। इससे पूर्व 10 अक्टूबर को हेमंत सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और आधारभूत संरचनाओं के लिए अपना खजाना खोला था। रांची स्थित रिम्स परिसर में भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए 738 करोड़ रूपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत हुई थीं। यह अलग बात है कि हेमंत सरकार के मंत्रियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे लगातार जारी हैं। गत 14 अक्टूबर को जब हेमंत सरकार आखिरी कैबिनेट बैठक कर रही थी और सहयोगियों के साथ सीटों के बंटवारे पर मंथन चल रहा था, तभी सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर के ठिकानों पर ईडी टीम छापा डालने पहुंची थी। ईडी ने एक साथ 20 स्थानों पर छापे डाले। इससे पूर्व हेमंत सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम कैश कांड में फंसे थे। हालांकि हेमंत की सरकार अल्पसंख्यकों को एकजुट करने का प्रयास भी कर रही है। धनबाद में अल्पसंख्यक मोर्चा का अधिवेशन इसी की एक कड़ी माना जाता है।
झारखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और आधारभूत संरचनाओं के लिए सरकार का खजाना खोला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर को हुई बैठक में राजधानी रांची स्थित रिम्स परिसर में भवनों के निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए 738 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं की स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही सभी अस्पतालों में मॉड्यूलर ओटी के निर्माण की भी स्वीकृति दी गई है। कैबिनेट की बैठक समाप्त होने के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय एवं समन्वय विभाग की सचिव वंदना दादेल ने बताया कि बैठक में कुल 81 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। एक महत्वपूर्ण बैठक में इंदिरा गांधी पेंशन योजना का दायरा 80 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों के लिए भी बढ़ा दिया गया है। इन्हें हर महीने एक हजार रुपये पेंशन के तौर पर मिलेंगे। झारखंड के सभी जिलों में बार काउंसिल भवन बनाने का फैसला लिया गया। वहीं देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल के मार्गोंमुंडा प्रखंड में 33.10 करोड़ की लागत से डिग्री कॉलेज खोलने का निर्णय लिया गया, जबकि हर वर्ष उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृति योजना के तहत 50 छात्र-छात्राएं विदेश पढ़ने जा सकते हैं। अभी 25 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिलता था। राज्य सरकार ने मुसाबनी और गिरिडीह
जिले के तिसरी में भी डिग्री कॉलेज बनाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा हर जिले में पलाश मार्ट खोलने का निर्णय लिया गया। वहीं एसएपी के शहीद जवानों के परिवार को नौकरी, लघु और सामान्य आंगनबाड़ी केंद्र का समायोजन समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए।
कैबिनेट की बैठक में भैरवा जलाशय योजना के लिए 445 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके अलावा मुंबई में नया झारखंड भवन बनाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। यह झारखंड भवन सात फ्लोर होगा, जिसमें तीन फ्लोर झारखंड से इलाज के लिए जाने वाले गरीबों के लिए आरक्षित रहेेंगे। सात तल्लों वाले इस भवन में झारखंड से आने वाले मजदूरों को रहने की सुविधा दी जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से गत दिनों मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग समेत अन्य चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से हेमंत सोरेन की मुलाकात के दौरान विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। हेमंत सोरेन ने उम्मीदवार चयन में कांग्रेस को सावधानियां बरतने की सलाह दी। वहीं दोनों दलों के नेताओं ने हरियाणा चुनाव से सबक लेते हुए झारखंड में सीट शेयरिंग, उम्मीदवार चयन, साझा चुनाव प्रचार अभियान और आरजेडी-वाम दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर चर्चा की। इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। वहीं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।
चुनाव की तैयारी के संदर्भ में ही धनबाद के गोविंदपुर में अल्पसंख्यक मोर्चा का महाअधिवेशन आयोजित हुआ जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए। इस महाअधिवेशन का मुख्य उद्देश्य मुस्लिम समाज की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करना और उनकी आवाज को मुख्यधारा में लाना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हुसैन मौजूद थे। उनके साथ कई अन्य प्रमुख अल्पसंख्यक नेता भी अधिवेशन में शामिल हुए। अधिवेशन के दौरान मुख्य रूप से सिंदरी और निरसा विधानसभा क्षेत्रों में मुस्लिम उम्मीदवारों को आगामी चुनावों में टिकट दिए जाने की मांग पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आज तक इन विधानसभा क्षेत्रों से कोई मुस्लिम विधायक नहीं चुना गया है जबकि इन क्षेत्रों में मुस्लिम जनसंख्या का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि राजनीतिक दल इस समुदाय की उपेक्षा न करें। उन्हें भी नेतृत्व के अवसर प्रदान करें। अल्पसंख्यक मोर्चा के नेताओं ने कहा कि मुस्लिम समुदाय अब एकजुट हो चुका है। अपनी राजनीतिक ताकत का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए तैयार है। अधिवेशन में उपस्थित सभी मुस्लिम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी विधानसभा चुनावों में जिस भी मुस्लिम उम्मीदवार को पार्टी टिकट देगी, उसका समर्थन करेंगे।
उधर, हेमंत सरकार के एक और मंत्री मिथिलेश ठाकुर के ठिकानों पर ईडी की टीम रेड करने पहुंची। झारखंड सरकार के पेय जल स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के पीएस और उनके भाई के घर 14 अक्टूबर सुबह ईडी की टीम रेड करने पहुंच गई है। एक साथ 20 जगहों पर रेड किया गया है। बताया जा रहा है कि मिथिलेश ठाकुर के चाईबासा स्थित आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची। ईडी की टीम ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर के पीएस हरेंद्र सिंह और मंत्री के भाई विनय ठाकुर समेत कई विभागीय इंजीनियर्स के यहां
छापेमारी की। इससे पूर्व आलमगीर आलम को कैश कोड मंे गिरफ्तार किया जा चुका है। (हिफी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button