दीपिका की बिटिया के नाम पर हिन्दू मुस्लिम विवाद

रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण मम्मी-पापा बने। उनके घर में लक्ष्मी का आगमन हुआ। सितंबर में मां बनीं दीपिका ने बेटी की पहली दिवाली पर न सिर्फ अपनी राजकुमारी की एक झलक दिखाई, बल्कि नन्हीं परी के नाम का भी खुलासा किया। सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाली तस्वीर साझा करते हुए, दोनों ने बेबी गर्ल के नाम का खुलासा किया। इस नाम को जानने के बाद जहां कई फैंस काफी खुश हो गए वहीं, कुछ ऐसे भी थे, जिन्हें ये नाम बिलकुल भी रास नहीं आया। करीना कपूर खान और सैफ अली खान के बेटे तैमूर अली के नाम के बाद सोशल मीडिया पर लोग अब दीपिका से सवाल कर रहे हैं। दीपिका ने अपनी बेटी का नाम ‘दुआ पदुकोण सिंह’ रखा है। इस नाम को सुनने के बाद कुछ लोगों ने उन्हें बधाई दी। वहीं, कुछ लोगों ने इस नाम पर सवाल खड़े कर दिए। एक यूजर ने लिखा, ‘दुआ? कोई हिंदू नाम नहीं सुझाया क्या? दुआ? क्यों दुआ? प्रार्थना क्यों नहीं? आप दोनों हिंदू हैं, भूल गए हैं क्या?’ एक अन्य ने लिखा- ‘प्रार्थना भी तो रख सकते थे। मुस्लिम नाम क्यों? बॉलीवुड जानबुझकर ऐसा करते हैं। वे सनातन धर्म की भावनाओं को ध्यान में नहीं रखते हैं।’ हालांकि, कई यूजर्स कपल के समर्थन में आगे आए। कुछ लोगों ने ट्रोल्स को पाठ पढ़ाने की कोशिश भी की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चे के नाम का चुनाव बेहद व्यक्तिगत मामला है। इतना ही नहीं उन्होंने प्रतिक्रिया के पीछे के तर्क पर सवाल उठाया। एक यूजर ने लिखा, ‘सच में? लोग इतने उत्तेजित क्यों हो रहे हैं? यह उनका बच्चा है, उनका नाम है, वो बच्चे को इस संसार में लाए हैं। कॉमेंट करने वाले लोग नहीं। बड़े बनो, उन्हें जीने दो।’ एक यूजर ने लिखा- ‘यह सिर्फ एक नाम है’। एक अन्य ने लिखा- ‘कॉमेंट्स देख विश्वास करना मुश्किल है। कुछ लोगों की मानसिकता देख वाकई हैरानी होती है’। (हिफी)