भारत-अमेरिका मिलकर वैश्विक शांति और समृद्धि सुनिश्चित कर सकते हैं: राजनाथ सिंह

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और अमेरिका संयुक्त रूप से दुर्जेय शक्ति हैं और ये दोनों मिलकर वैश्विक शांति और समृद्धि सुनिश्चित कर सकते हैं।
अमेरिका की यात्रा पर गये श्री सिंह ने भारतीय समुदाय के लोगों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि मोदी सरकार मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध भारत बनाना चाहती है।
पिछले कुछ समय में वैश्विक मंच पर भारत का कद बढ़ा है। उन्होंने कहा, “इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता था। लेकिन आज पूरी दुनिया ध्यान से सुन रही है।”
श्री सिंह ने कहा कि 2014 से पहले, भारत ‘कमजोर पांच’ देशों में से एक था, जैसा कि निवेश फर्म मॉर्गन स्टेनली ने कहा है लेकिन आज यह दुनिया की ‘शानदार पांच’ अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कंपनी की हालिया रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि भारत 2027 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोविड-19 महामारी के प्रति सरकार की नीतियों ने यह सुनिश्चित किया कि भारतीय अर्थव्यवस्था अन्य देशों की तुलना में ज्यादा प्रभावित नहीं हुई।
रक्षा मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ हासिल करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की चर्चा की, जिसमें 5,000 से अधिक वस्तुओं वाली सकारात्मक स्वदेशीकरण सूचियों की अधिसूचना शामिल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि घरेलू कंपनियों द्वारा देश में अत्याधुनिक रक्षा वस्तुओं का निर्माण किया जाए।