मोदी का सफर न रुका और न झुका

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)
दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। गुजरात में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने जब नरेंद्र मोदी को अपनी राजनीतिक शाखा भाजपा में भेजा तब से उनका सियासी सफर न कभी रुका और न कभी झुका। इस बार नरेंद्र मोदी अपना 74वां जन्मदिन मना रहे हैं। सन् 1950 में 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयंती के दिन जन्म लेने वाले नरेंद्र मोदी 26 मई 2014 से अब तक लगातार तीसरी बार भारत के
प्रधानमंत्री बने हैं तथा वाराणसी से लोकसभा सांसद भी चुने गये हैं। वह नये भारत के विश्व कर्मा भी कहते जाते हैं।
भारत के प्रधानमन्त्री पद पर आसीन होने वाले स्वतन्त्र भारत में जन्मे प्रथम व्यक्ति हैं। इससे पहले वे 7 अक्तूबर 2001 से 22 मई 2014 तक गुजरात राज्य के मुख्यमन्त्री रह चुके हैं। मोदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य हैं, जो हिंदू राष्ट्रवादी अर्धसैनिक स्वयंसेवी संगठन है।
आठ वर्ष की आयु में वे आरएसएस से जुड़े, जिसके साथ एक लम्बे समय तक सम्बन्धित रहे। स्नातक होने के बाद उन्होंने अपना घर छोड़ दिया। मोदी ने दो साल तक भारत भर में यात्रा की और अनेक धार्मिक केन्द्रों का दौरा किया। वह 1970 में गुजरात लौटे उसके बाद अहमदाबाद चले गए और अगले साल आरएसएस के लिए पूर्णकालिक कार्यकर्ता बन गए। वह 1985 में बीजेपी से जुड़े और 2001 तक पार्टी पदानुक्रम के भीतर कई पदों पर कार्य किया, जहाँ से वे धीरे धीरे भाजपा में सचिव के पद पर पहुँचे। मोदी ने कर्म कर ही पूजा समझा। अपने बचपन में चाय बेचने में अपने पिता की मदद की और बाद में अपना खुद का स्टाल चलाया।
भुज में भूकम्प के बाद गुजरात के तत्कालीन मुख्यमन्त्री केशुभाई पटेल के खराब स्वास्थ्य के कारण नरेंद्र मोदी को 2001 में गुजरात के मुख्यमन्त्री पद पर नियुक्त किया गया। बाद में नरेंद्र मोदी शीघ्र ही विधानसभा के लिए चुने गए। गुजरात के मुख्यमन्त्री के रूप में उनकी नीतियों को आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए श्रेय दिया गया। उनके अच्छे कामों के कारण गुजरात की जनता ने लगातार 4 बार (2001 से 2014 तक) गुजरात का मुख्यमन्त्री चुना। गुजरात विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त नरेन्द्र मोदी विकास पुरुष के नाम से जाने जाते हैं और वर्तमान समय में देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से हैं।
उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ा और 282 सीटें जीतकर अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की। एक सांसद के रूप में उन्होंने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक नगरी वाराणसी एवं अपने गृहराज्य गुजरात के वडोदरा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा और दोनों जगह से जीत दर्ज की। उनके राज में भारत का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश एवं बुनियादी सुविधाओं पर खर्च तेजी से बढ़ा। उन्होंने अफसरशाही में कई सुधार किये तथा योजना आयोग को हटाकर नीति आयोग का गठन किया। इसके बाद वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी ने उनके नेतृत्त्व में दोबारा चुनाव लड़ा और इस बार पहले से भी ज्यादा बड़ी जीत हासिल हुई। पार्टी ने कुल 303 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा के समर्थक दलों यानी राजग को कुल 352 सीटें प्राप्त हुईं और 30 मई 2019 को शपथ ग्रहण कर नरेन्द्र मोदी लगातार दूसरी बार प्रधानमन्त्री बने। इस बार उनके प्रशासन ने जम्मू और कश्मीर की विशेष राज्य का दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द कर दिया। उनके प्रशासन ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 भी पेश किया, जिसके परिणामस्वरूप देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। मोदी सरकार इसे लागू करने पर अडिग है।
यही कारण है कि मोदी के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रही है। पीएम मोदी इस खास दिन को वाराणसी, भुवनेश्वर और नागपुर तीन शहरों के दौरे पर होंगे। वो सबसे पहले सुबह-सुबह वाराणसी जाएंगे जहां वो पूजा अर्चना करके भगवान शिव का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद भुवनेश्वर जाएंगे जहां पर वो पीएम सुभद्रा योजना की शुरुआत करेंगे फिर पीएम मोदी नागपुर जाएंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को बीजेपी देशभर में बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। बीजेपी ने पीएम मोदी के जन्मदिन, 17 सितंबर से गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक देशभर में बड़े पैमाने पर ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाने की योजना बनाई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक टीम का भी गठन किया है। इसका संयोजक पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को बनाया गया है। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण, राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
समीर उरांव, हरीश द्विवेदी, राजीव चंद्रशेखर, नीरज शेखर और अपराजिता सारंगी को टीम का सदस्य बनाया गया है।
बीजेपी पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, ब्लड बैंक और अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर देशभर में जिला स्तर पर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करेगी। इस तरह के कैंप 18 और 19 सितंबर को भी लगाए जाएंगे। 18 सितंबर से 24 सितंबर तक, देशभर में स्कूलों और अस्पतालों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। पेरिस पैरालंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के सम्मान के लिए राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने और इसमें अन्य खिलाड़ियों को भी आमंत्रित करने को कहा गया है। सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर पार्ट टाइम विस्तारक की तरह समय देने और घर-घर जाकर 100 सदस्यों को भी जोड़ने को कहा गया है। महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को मंडल स्तर पर बीजेपी कार्यकर्ता और नेता अपने-अपने इलाकों में लगी महात्मा गांधी की मूर्ति, मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों, पार्क और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे. हर परिवार को इस दिन खादी का कम से कम एक प्रोडक्ट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
23 सितंबर को देश की सभी विधानसभाओं में 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं के लिए फ्री हेल्थ कैंप लगाने का निर्देश भी दिया गया है। पीएम मोदी के जीवन से जुड़ी उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी इन 15 दिनों के दौरान लगाई जाएगी। इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत 2047 और गो वोकल फॉर लोकल जैसी थीम पर रंगोली, ड्राइंग और निबंध जैसी कई प्रतियोगिताएं होंगी। (हिफी)