दक्षिण अमेरिका के जंगल में मिली नयी सभ्यता

दक्षिण अमेरिकी देश बेलीज के घने जंगलों में एक रहस्यमयी सभ्यता मिली है, जिसने फिर से इतिहास को चैंकाया है। पुरातत्वविदों ने प्राचीन माया नगरी ‘काराकोल’ में उस पहले शासक का भव्य मकबरा खोज निकाला है, जिसने करीब 1,600 साल पहले इस प्राचीन शहर की नींव रखी थी। यह सम्राट था ते क’आब चाक, जिसका मायन भाषा में अर्थ ‘पेड़ की शाखा वाला वर्षा देवता’ है। 10 जुलाई को यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन की टीम ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
ह्यूस्टन विश्वविद्यालय के पुरातत्ववेत्ता डायने चेस और अर्लेन चेस की ओर से 40 साल से ज्यादा समय पहले वहां खुदाई शुरू हुई। तब से यह पहली बार है कि काराकोल में कोई पहचान योग्य शाही मकबरा मिला है। ते क’आब चाक काराकोल के सिंहासन पर 331 ईस्वी में बैठा था और यह मकबरा करीब 350 ईस्वी का माना जा रहा है। मकबरे में जो मिला उससे शाही जीवन की तमाम भव्य झलकियां दिख जाती हैं। शाही मकबरे में मिट्टी के बर्तन, नक्काशीदार हड्डियां, समुद्री सीपियां, ट्यूबलर जेड मोती और जेड से बना मोजेक डेथ मास्क शामिल था। एक बर्तन पर एक माया शासक को भाला थामे दर्शाया गया है जबकि दूसरे पर व्यापार के देवता ‘एक चुआह’ को अर्पणों से घिरा हुआ दिखाया गया है। जिस काराकोल शहर में ये मिला है वह छठी और सातवीं सदी में माया दुनिया का प्रमुख केंद्र था। कभी यह शहर 100,000 से ज्यादा लोगों का घर हुआ करता था लेकिन 900 ईस्वी तक ये भी अन्य माया शहरों की तरह रहस्यमय ढंग से पतन की ओर चला गया। इसके खंडहर आज बेलीज के कायो जिले के पहाड़ी जंगलों में पाए जाते हैं। यह शहर 68 वर्ग मील से ज्यादा में फैला था, जहां विशाल रास्ते, सीढ़ीदार कृषि, भव्य भवन और 140 फीट ऊंचा काना पिरामिड जैसे संरचनाएं मौजूद थीं, जो आज भी बेलीज की सबसे ऊंची इमारतों में से एक है।