ट्रम्प के मौजूदा कार्यकाल में अप्रवासी जनसंख्या घटी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने नए कार्यकाल में अमेरिका फर्स्ट की नीति के तहत अप्रवासियों को लेकर सख्त नीतियां अपनाईं। उन्होंने अमेरिका में बसने का ख्वाब देख रहे दूसरे देशों से आए लोगों को चुन-चुनकर वापस भेजने का प्लान बना लिया। इसकी वजह से अमेरिका में अप्रवासी लोगों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका में अप्रवासी जनसंख्या में पहली बार 50 वर्षों में गिरावट दर्ज की गई है।
पिव रिसर्च सेंटरके मुताबिक जनवरी, 2025 में यह रिकॉर्ड 53.3 मिलियन यानि 5.3 करोड़ से ज्यादा था, लेकिन जून तक यह संख्या घटकर लगभग 51.9 मिलियन यानि 5.2 करोड़ रह गई है। इसमें 14 लाख की कमी आई है। इस गिरावट का एक प्रमुख कारण ट्रम्प प्रशासन के वे कड़े नियम हैं, जिसमें 181 कार्यकारी आदेश, बड़े पैमाने पर डिपोर्टेशन, वीजा और शरण नीतियों में किए गए परिवर्तन शामिल हैं। इस अवधि में लगभग 750000 अप्रवासी कामगारों ने अमेरिकी लेबर फोर्स छोड़ दी और अब उनकी हिस्सेदारी घटकर 19 फीसदी रह गई। होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक लगभग 1.6 मिलियन अप्रवासी देश छोड़कर चले गए। इनमें से कुछ स्वेच्छा से गए और कुछ डिपोर्टेशन की कार्रवाई के तहत भेजे गए। सिर्फ अप्रैल से जून की अवधि में 3,59,000 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं और 3,32,000 लोगों को डिपोर्ट किया गया। इसके अलावा सभी वीजा धारकों का फिर से मूल्यांकन किया जाएगा, जिसमें किसी तरह की बाधा या शर्तों का उल्लंघन पाया गया तो वीजा रद्द हो जाएगा। ग्रीन कार्ड के लिए दायर परिवार आधारित आवेदन भी बिना दस्तावेज या किसी तरह की गलती पर सीधे खारिज किए जा रहे हैं। कुछ आर्थिक अध्ययनों से पता चलता है कि कृषि जैसे क्षेत्रों में इस नीति की वजह से कामगारों की कमी हो रही है, जिसकी वजह से आर्थिक नुकसान हो रहा है।