राजनीतिलेखक की कलम

अब बिहार में सियासी खेला

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहुत दिनों तक नीतीश कुमार पर निर्भर नहीं रहना चाहती है। इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चैधरी और विजय सिन्हा रणनीति बना रहे हैं। पार्टी राज्य में तेजी से सदस्यता अभियान चलाएगी। इस प्रकार एक करोड़ नये सदस्य बनाने का लक्ष्य है। भाजपा की इस रणनीति में मुख्य विपक्षी दल राजद ही नहीं जद(यू) भी निशाने पर रहेगा। इसलिए जद(यू) के नेता भी सतर्क हैं और अपनी पार्टी की ताकत बढ़ाने पर लग गये हैं। इसी कड़ी में राजद के राष्ट्रीय महामंत्री श्याम रजक का इस्तीफा माना जा रहा है। भाजपा का सदस्यता अभियान 1 सितम्बर से शुरू हो रहा है। इससे पहले कार्यशालाओं का आयोजन हो रहा है। उधर, राजद के सहयोगी भी नीतीश कुमार से जवाब मांग रहे हैं। इससे जद(यू) कमजोर पड़ सकता है। जीतनराम मांझी ने 18 जातियों को 10 फीसद आरक्षण मांगा है।

पटना के रविंद्र भवन में गत दिनों भाजपा की ओर से पहली सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश
अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया। उधर, बिहार के सियासी गलियारे से बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल पूर्व मंत्री श्याम रजक ने राजद से इस्तीफा दे दिया है। आरजेडी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को अपना इस्तीफा भेज दिया है। श्याम रजक आरजेडी में राष्ट्रीय महासचिव के पद पर थे। श्याम रजक ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के जरिये दी। बता दें, श्याम रजक नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को छोड़कर आरजेडी में शामिल हुए थे।

इस्तीफे को लेकर श्याम रजक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि मैं शतरंज का शौकीन नहीं था, इसलिए धोखा खा गया। आप मोहरे चल रहे थे, मैं रिश्तेदारी निभा रहा था। श्याम रजक ने बताया कि जब वह जेडीयू से आरजेडी में आए थे तब आरजेडी सुप्रीमो से उनकी कई तरह की बातें हुई थीं। उन्हें बड़े मौके देने की बात कही गई थी. लेकिन, मैं शतरंज का शौकीन नहीं था इसलिए मोहरा बनता गया। श्याम रजक के जेडीयू में शामिल होने की खबरें आ रही है। जेडीयू में शामिल होने की खबरों पर श्याम रजक ने कहा कि अभी इंतजार करिए। जैसा भी होगा बता दूंगा। हालांकि श्याम रजक ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छे नेता हैं। मैंने उनके साथ पहले भी काम किया है।

राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद के नाम लिखे अपने त्यागपत्र में उनपर जमकर तंज किया। सूत्र बताते हैं कि दोबारा राजद ज्वाइन करने के बाद पार्टी से उन्हें जो सम्मान मिलना चाहिए। वह उन्हें मिल नहीं रहा था जिससे आहत होकर उन्होंने एक बार फिर पार्टी का साथ छोड़ दिया है। राजद में श्याम रजक ने दल छोड़ा हो ऐसे वह एकमात्र नेता नहीं है। लोकसभा चुनाव के वक्त से ही राजद की नीतियों से नाराज होकर पार्टी के कई बड़े नेता अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं। नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने श्याम रजक के इस्तीफे पर कहा, इस पर हमें कुछ नहीं कहना। चुनाव आने वाला है, सब देखते हैं कहीं जाना है या नहीं जाना… हमने लोगों के लिए काम किया है। ऐसे माहौल में भाजपा की कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने कहा कि अगर पदाधिकारी या कार्यसमिति का सदस्य बनना है तो एक सक्रिय सदस्य को कम से कम 100 प्राथमिक सदस्य बनाने होंगे। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि पार्टी के लिए सदस्यता अभियान हर व्यक्ति तक पहुंचने का माध्यम है। यह अभियान इस मामले में भी काफी महत्वपूर्ण है कि अगले साल यहां विधानसभा चुनाव होना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रति बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बनाने की अपील की। उप मुख्यमंत्री सम्राट चैधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों के घर-घर तक पहुंच रही है। यह सब कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संघर्ष के कारण संभव हुआ है। आज विपक्ष किसी भी मुद्दे को लेकर भ्रमजाल फैलाने की कोशिश कर रहा है। सदस्यता अभियान के माध्यम से विपक्ष के भ्रमजाल को भी तोड़ना है। कार्यशाला को सांसद अतुल गर्ग, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री नित्यानन्द राय, सतीश चंद्र दूबे के अतिरिक्त कृषि एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी संबोधित किया।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि इस सदस्यता अभियान के माध्यम हमें प्रदेश के सभी घरों तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान सर्वसमावेशी है। समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों को पार्टी के साथ जोड़ना है। पार्टी ने सदस्यता अभियान के लिए प्रदेश स्तरीय समिति गठित की है। समिति का संयोजक जीवेश मिश्रा को बनाया गया है। इस समिति में प्रमोद चंद्रवंशी, लाजवंती झा, रत्नेश कुशवाहा एवं ओम प्रकाश भुवन को भी रखा गया है। कार्यशाला में पार्टी के सांसद, विधायक, मंत्री, जिलों के
अध्यक्ष, महामंत्री सहित प्रदेश के पदाधिकारी, सभी जिला में बनाए गए चार सदस्यीय टीम के सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

उधर, नीतीश के सामने हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संस्थापक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एससी-एसटी आरक्षण में क्रीमी लेयर के आधार पर उपवर्गीकरण (कोटा में कोटा) लागू करने के उच्चतम न्यायालय के निर्णय का समर्थन करते हुए इसे लागू करने की मांग की है। मांझी ने कहा कि राज्य सरकार अत्यंत पिछड़ी 18 दलित जातियों का उपवर्गीकरण कर 10 प्रतिशत आरक्षण मुहैया कराए। अगर राज्य सरकार इसे लागू नहीं करती है तो इस मुद्दे पर पटना के गांधी मैदान में 18 दलित जातियों की रैली आयोजित की जाएगी।पटना के रवींद्र भवन में ही वंचित अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित 18 जातियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आरक्षण में जातियों के उपवर्गीकरण को यथाशीघ्र लागू कर सुप्रीम कोर्ट की भावना का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज तक आरक्षण की समीक्षा नहीं हुई, जो अविलंब होनी चाहिए। सम्मेलन में आरक्षण से वंचित मुसहर-भुईयां, डोम, मेहतर, तूरी, रजवार, भोक्ता, घुमंतू आदि जातियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। मांझी ने कहा कि संपन्न दलित यह झूठ फैला रहे हैं कि आरक्षण खत्म करने की साजिश हो रही है। आजादी के 78 साल बाद जो संपन्न दलित हैं, वे ही आरक्षण के बल पर 95 फीसद नौकरी और तमाम सुविधाओं का लाभ लेते रहे। बिहार में करीब 10 प्रतिशत आबादी वाली 18 जाति के लोगों को आरक्षण का आज तक कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है, इसलिए हम बिहार सरकार और केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि आरक्षण में उपवर्गीकरण होना चाहिए। मांझी ने कहा, हम चाहते हैं कि राज्य सरकार बिहार में भी हरियाणा की तरह आरक्षण में वर्गीकरण कर वंचित दलित को मुख्य धारा में लाने का प्रयास करें। (हिफी)

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button