भीषण गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल

भोपाल। मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। खजुराहो में रात पारा 32 डिग्री के नजदीक दर्ज किया गया है। दिन भी बेहाल कर रहे हैं। कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। मध्यप्रदेश में गर्मी झुलसा रही है। रातें भी गर्म होने लगी हैं। कई जिलों में दिन का पारा 45 डिग्री तो रात का पारा 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। रतलाम में 45.6 डिग्री का पारा पहुंचा है तो खजुराहो में 31.8 डिग्री पारा पहुंच गया है। दतिया में लगातार एक सप्ताह से यहां 45 डिग्री से ज्यादा तापमान दर्ज किया जा रहा है। इस क्षेत्र में सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड 48.3 डिग्री सेल्सियस के साथ ग्वालियर के नाम दर्ज है, जो कि 30 मई 1947 को दर्ज किया गया था। ग्वालियर में भी इस समय 45 डिग्री के आसपास तापमान दर्ज किया जा रहा है। लेकिन इस सीजन में अभी तक सबसे ज्यादा गर्मी दतिया में पड़ रही है। वहीं सुबह सामने आए तापमान के आंकड़ों के अनुसार खजुराहो की रात सबसे गर्म रही। यहां 31.8 डिग्री तक पारा पहुंच गया है।
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि आने वाले दिनों में चंबल क्षेत्र में तापमान इससे भी ज्यादा बढ़ने की उम्मीद है। अगर अनुमान के आधार पर तापमान बढ़ता है तो यह आजादी के बाद से इस क्षेत्र में अब तक रिकॉर्ड बन जाएगा।