Uncategorizedराजनीतिलेखक की कलम

शिव और राम के सहारे कांग्रेस

 

छत्तीसगढ़ मंे ज्यों-ज्यों चुनाव नजदीक आता जा रहा है, त्यों-त्यों नये-नये सियासी रंग दिखाई पड़ते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पहले राम वन गमन पथ को सजा-संवारकर ननिहाल में भांजे का स्वागत किया। इसके बाद इस बार सावन मंे भगवान शिव के अभिषेक का विशेष महत्व देखते हुए डमरू बजाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया था। पुरुषोत्तम मास होने से इस बार सावन मंे 8 सोमवार पड़े। पिछले सोमवार को सीएम बघेल ने शिव जी को प्रसन्न करने का भरपूर प्रयास किया। शिवजी प्रसन्न हुए अथवा नहीं यह तो विधानसभा चुनाव के नतीजे बताएंगे लेकिन जनता तमाशा देखकर जरूर प्रसन्न दिखाई दी। अब बघेल ने संकल्प शिविर लगाकर यह निवेदन करना प्रारम्भ किया है कि इस बार विधानसभा चुनाव कांग्रेस की इज्जत बचाने के लिए है इस लिए पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी 75 से ज्यादा विधानसभा की सीटें जीतने का संकल्प लें।

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के कसडोल विधानसभा में कांग्रेस द्वारा 27 अगस्त को संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, मंत्री डॉ। शिवकुमार डहरिया और जिले के प्रभारी मंत्री उमेश पटेल शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस बार विधानसभा का चुनाव छत्तीसगढ़ की अस्मिता को बचाने के लिए कांग्रेस की लड़ाई है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने संकल्प शिविर की शुरूआत 11 अगस्त को रायपुर की पश्चिम विधानसभा से की थी, जो बारी-बारी से सभी 90 विधानसभा सीटों पर संकल्प शिविर आयोजित करेगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कहते हैं कि किसानों के खाते में सीधा लाभ जा रहा है। सरकार का खजाना छत्तीसगढ़ की जनता के लिए है। भाजपा पीएम आवास के लिए हल्ला करती है, लेकिन आवास योजना आज से चालू नहीं है। राजीव गांधी के समय से चल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से मांग के बाद भी जनगणना नहीं कराई गई। इसलिए हमने सामाजिक और आर्थिक जनगणना करवाई। वहीं इस मौके पर मंत्री उमेश पटेल ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि केंद्र सरकार एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में 75 से अधिक सीट जीतने के लिए संकल्प लेंगे।

गत 8 अगस्त को ‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ के मंच पर छत्तीसगढ़ बीजेपी मीडिया सेल के प्रमुख अमित चिमनानी और कांग्रेस नेता कुणाल शुक्ला ने अपना-अपना मत रखा। अमित चिमनानी ने प्रदेश सरकार की नाकामियां गिनाईं तो कुणाल शुक्ला ने सरकार का बचाव किया। अमित चिमनानी ने सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों का आरोप लगाया। किसानों की खुदकुशी और धर्मांतरण का मुद्दा उठाया। कुणाल शुक्ला ने इन आरोपों पर जवाब दिया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने छत्तीसगढ़ के विकास की बात की और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर प्रहार किया। धरमलाल कौशिक ने कहा कि अटलजी ने छत्तीसगढ़ बनाया। बीजेपी ने प्रदेश के विकास के लिए काम किया लेकिन कांग्रेस सरकार में प्रदेश का विकास रुक गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार धर्मांतरण हो रहा है। कौशिक ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीबों तक चावल नहीं पहुंचा। सरकार चावल का हिसाब तक नहीं बता पा रही है। कौशिक ने शराबबंदी को लेकर कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि छत्तीसगढ़ में शराब की नदियां बह रही हैं

उधर, छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले लगातार पड़ रही ईडी की रेड पर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबियों के यहां छापा पड़ा। इसमें सीएम के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी और कारोबारियों के यहां ईडी ने दबिश दी। कांग्रेस ने ईडी की रेड को लेकर सीधे तौर पर चुनाव में बाधा डालने का आरोप लगाया है और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। बीजेपी दावा कर रही है कि ईडी को ठोस सबूत मिले हैं और उसने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। दरअसल, गत दिनों तब हड़कंप मच गया, जब ईडी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबियों के यहां दबिश दी। इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को जन्मदिन पर मिले तोहफे के लिए आभार जताया है। साथ ही उन्होंने दावा किया है कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी बुरी तरह से हार रही है। इसलिए ईडी-आईटी को चुनाव लड़ने के लिए ठेका दिया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग ने ईडी की रेड पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की लोकप्रियता से घबराकर बीजेपी की केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से ईडी की छापेमारी करवाई है। इसके साथ चुनावी तैयारी में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विनोद वर्मा कांग्रेस के राजनैतिक प्रशिक्षणों के साथ बूथ कमेटियों का भी काम देखते हैं। उनको डिस्टर्ब करने के लिए उनके यहां छापा करवाया गया। उन्होंने कहा कि आशीष वर्मा, मनीष बंछोर दोनों ही मुख्यमंत्री के ओएसडी हैं। दोनों का मूल कार्य मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र पाटन में राजनैतिक गतिविधियों को संचालित करना है। विजय भाटिया मुख्यमंत्री के पारिवारिक मित्र हैं। पाटन में बीजेपी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। अब पाटन में कांग्रेस की राजनैतिक गतिविधियों को बाधित करने के उद्देश्य से दोनों के यहां ईडी पहुंची। वहीं बीजेपी के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने ईडी की रेड सही ठहराते हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से हटाने का दावा किया है।

वहीं कर्नाटक में जिस तरह बजरंगबली और हिंदुत्व की जोरदार चर्चा हुई थी। उसका असर छत्तीसगढ़ की चुनावी माहौल में भी दिखने लगा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ये कहते हुए थक नहीं रहे हैं कि बजरंग बली हमारे साथ हैं। इसी के बीच 7वें सावन सोमवार पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डमरू बजाकर और कांवड़ यात्रा की शुरुआत की और बजरंगबली अखाड़ा प्रोत्साहन योजना शुरुआत करने की घोषणा कर दिया है। सोमवार को राजधानी रायपुर में रायपुर पश्चिम में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और विधायक विकास उपाध्याय ने एक बड़ी कांवड़ यात्रा निकाली थी। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भोलेनाथ की पूजा अर्चना करते हुए डमरू बजाया और कांवड़ लेकर भोले के भक्तों के साथ चलने लगे। इसके अलावा शाम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नाग पंचमी के मौके पर रायपुर में हुए कुश्ती के आयोजन में एक बड़ी घोषणा की थी। उन्होंने राज्य में अखाड़ों के संरक्षण और संवर्धन के साथ ही पहलवानों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए बजरंगबली अखाड़ा प्रोत्साहन योजना शुरू करने की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय कुश्ती अकादमी खोलने का भी उन्होंने ऐलान किया है।

रायपुर पश्चिम से विधायक और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय कहते हैं कि कांवड़ यात्रा को राजनितिक चस्मे से नहीं देखना चाहिए। हजारों की जन सैलाब शंकर भगवान की कांवड़ यात्रा में शामिल हुए है ये ऐतिहासिक है। हम ईष्ट देव की पूजा पाठ करते है। हमारी परंपरा, कहीं न कहीं उसी का फल होता है जो हमें शक्ति देता है ताकत देता है और उसी के माध्यम से हमे ऊर्जा मिलती है। भूपेश बघेल ने भी ऊर्जा पाने के लिए डमरू बनाया। (हिफी)

(अशोक त्रिपाठी-हिफी फीचर)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button