सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति असद को दिया गया जहर

रूस में रह रहे सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद को जान से मारने की कोशिश की गई है। ब्रिटिश अखबार द सन की रिपोर्ट के मुताबिक असद ने रविवार (29 दिसंबर) को बताया कि उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। इसके लिए उन्होंने इलाज के लिए मदद मांगी थी। हालांकि, महज कुछ समय के बाद स्थिति और बिगड़ने लगी। उन्हें खांसी और घुटन की भी शिकायत होने लगी। आराम पहुंचाने के लिए उन्हें पानी दिया गया लेकिन जब तक डॉक्टर पहुंचे, उनकी स्थिति और बिगड़ गई।
सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद को मारने की कोशिश तब की गई है, जब उनके संबंध रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बिगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों नेताओं को एक-दूसरे पर भरोसा नहीं था, लेकिन पुतिन ने ही असद को सीरिया से बचाकर मॉस्को ले जाने का फैसला किया था।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी असद की हालत के बारे में
जानकारी दी गयी, जिसके बाद क्रेमलिन ने आदेश दिया कि उनका इलाज अस्पताल के बजाय उनके अपार्टमेंट में ही किया जाए। शुरुआती इलाज के बाद, डॉक्टरों की एक टीम को असद के अपार्टमेंट में तैनात किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि असद की स्थिति अब स्थिर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। उनके शरीर से लिए गए नमूनों की जांच में जहर दिए जाने की पुष्टि हुई। इस घटना की जांच व्लादिमीर पुतिन के करीबी निकोलाई पैट्रूशेव की निगरानी में की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि असद को जहर कैसे दिया गया। पिछले महीने असद को सीरिया छोड़ना पड़ा था, जब तहरीर अल-शाम के लड़ाकों ने दमिश्क सहित अन्य बड़े शहरों पर कब्जा
कर लिया था।