लिव इन की सार्थकता पर सवाल

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लिव इन में रहने वाले युवाओं को लेकर सचेत किया है। वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के 47वें दीक्षांत समारोह में उन्होंने छात्राओं को लिव इन रिलेशनशिप से दूर रहने की नसीहत दी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने समारोह के दौरान कहा, बेटियों से एक ही बात कहूंगी, लिव इन रिलेशन मत करिए, मत करिए। अपने जीवन का निर्णय स्वयं करिए। देखा है ना 50-50 टुकड़े होते हैं। पिछले दस दिनों से ऐसी घटनाओं की जानकारी मिल रही है. देखती हूं तो कष्ट होता है कि हमारी बेटियां ऐसा क्यों करती हैं। उन्होंने कहा कि कई बेटियां ऐसे रिश्तों में फंसकर जीवन बर्बाद कर लेती हैं। आनंदीबेन ने कहा कि बेटियों को अपने भविष्य के फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियों को लिवइन रिलेशन से बचना चाहिए। लिव इन रिलेशन का परिणाम देखना है तो अनाथालय जाकर देखिए। 15-20 साल की बेटियां एक एक साल का बच्चा लेकर लाइन में खड़ी हैं। लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जो राज्यपाल महोदया की चिंता को सही ठहराते है।
आपको बता दें कि इन दिनों भारत में लिव इन रिलेशनशिप (बिना विवाह किए सहमति सम्बन्ध) लोकप्रिय होती जा रही है। इसे कुंवारों के साथ-साथ विवाहित भी अपना रहे हैं जिन्हें अपना पति या पत्नी पसंद नहीं होती।
लिव-इन रिलेशनशिप एक ऐसी व्यवस्था है, जो भारत के उच्च आदर्शों से कतई मेल नहीं खाती। इसमें स्त्री-पुरुष बिना विवाह किए पति-पत्नी की भांति रहने के साथ-साथ आपस में शारीरिक संबंध तक बनाते हैं। यहां तक कि कई जोड़े तो बच्चे भी पैदा कर लेते हैं। पश्चिमी देशों में यह आम बात है और उनकी देखादेखी भारत जैसे देशों में भी यह बुराई फैल रही है।
भारत में 1978 में सुप्रीमकोर्ट ने पहली बार लिव इन रिलेशनशिप को मान्यता दी थी। इसमें तलाक की नौबत तो नहीं आती, परंतु इसमें किसी एक साथी द्वारा धोखा देने के कारण दूसरे साथी की जिंदगी नरक जरूर बन जाती है। आए दिन लिव इन पार्टनर के साथ हिंसा हत्या दुष्कर्म के समाचार सुर्खियों में आ रहे हैं।
दो दिन पहले 8 अक्टूबर को बिहार की राजधानी पटना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 22 साल की एक लड़की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना की वीडियो मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोप है कि लड़की के लिव इन पार्टनर अमित कुमार ने हत्या की है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों से फ्लैट किराए पर लिया था। पुलिस फरार आरोपी और एक ऑटो चालक की तलाश कर रही है, जिसने शव अस्पताल पहुंचाने में मदद की थी।
5 अक्टूबर को खुलासा हुआ कि गाजियाबाद में सुनीता नामक एक महिला ने अपने लिव इन पार्टनर मनीष की ईंट से मारकर हत्या कर दी। शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में मनीष ने सुनीता को गाली दी थी जिसके बाद उसने आपा खो दिया। हत्या के बाद सुनीता ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और मनीष के दोस्तों पर आरोप लगाया। पुलिस ने बाद में सुनीता को गिरफ्तार कर लिया। हाल ही में महाराष्ट्र के पुणे से भी ऐसा ही वारदात की खबर है। यहां चिंचवड पुलिस ने चाकन के कडाचीवाडी इलाके में 4 अक्टूबर को मिले एक अज्ञात व्यक्ति के शव की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक एक महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था और कथित तौर पर उसे लगातार परेशान करता था। महिला ने अपने भाई और उसकी मंगेतर की मदद से अपने पार्टनर की हत्या करवा दी और शव को चाकन में फेंक दिया
पिछले दिनों दिल्ली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ट्रांसजेंडर लिव इन पार्टनर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि लिव इन पार्टनर की हत्या के मामले में रेहान उर्फ इक्का के साथ उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। लिव इन पार्टनर की हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यूपी के बरेली में बीती दिनों हाईवे किनारे मिली एक घायल युवती और इलाज के दौरान उसकी मौत मामले में पुलिस ने आरोपी लिव इन पार्टनर को गिरफ्तार किया है। यह घटना प्रेम संबंध से जुड़ी थी। आरोपी डॉक्टर श्रीपाल, जो उसके साथ लिव इन में था, ने नर्स को पहले इंजेक्शन लगाया फिर उसे चलती कार से हाईवे किनारे फेंक दिया था।
21 सितम्बर को कानपुर (उत्तर प्रदेश) में सूरज कुमार नामक युवक ने अपनी लिव इन पार्टनर आकांक्षा को गला घोंटकर मार डाला क्योंकि उसकी दूसरी गर्लफ्रेंड को आकांक्षा के साथ सूरज कुमार का रहना स्वीकार नहीं था।
मध्यप्रदेश के भोपाल में एक युवक ने लिव इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को चादर में लपेटकर बेड पर रखा। दो रात शव के पास ही सोया। वारदात के बाद युवक नशे की हालत में दोस्त के पास पहुंचा और हत्या करने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। रितिका सेन (29) आरोपी सचिन राजपूत के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों साढ़े तीन साल से एक साथ रह रहे थे। आपसी विवाद के बाद सचिन ने रितिका की हत्या कर दी।
21 सितम्बर को ही रेवाड़ी (हरियाणा) के बावलपुर में रोशन नामक एक व्यक्ति ने अपनी लिव इन पार्टनर के साथ किसी विवाद के चलते उसके पहले पति से जन्मी पांच वर्ष की बेटी को जमीन पर बेरहमी से पटक-पटक कर मार डाला और उसके बाद कमरा बंद कर वहां से फरार हो गया। खूंटी (झारखंड) में एक 15 वर्षीय किशोरी अपने प्रेमी प्रेमचंद साहू के क्रोध की बलि चढ़ गई। ये दोनों 4 महीने से लिव इन रिलेशन में थे।
रोज-रोज की पिटाई से तंग आकर वह अपने प्रेमी का घर छोड़कर अपने गांव वापस आ गई थी परंतु प्रेमचंद साहू ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे अपने साथ चलने के लिए मजबूर करने लगा लेकिन जब वह न मानी तो उसने चाकू से कई वार करके उसे मार डाला।
22 सितम्बर को पालघर (महाराष्ट्र) में सुरेंद्र सिंह नामक एक युवक के साथ लिव इन रिलेशन में रहने वाली रेखा दुर्गा दास वैष्णव नामक एक युवती के हरीश सुखाड़िया नामक एक अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग का पता चलने पर सुरेंद्र सिंह को इतना गुस्सा आया कि उसने ईष्र्यावश हरीश की आंखों में मिर्च का पाऊडर डाल कर चाकू से वार करके उसकी हत्या कर दी।
सितम्बर में ही बेंगलुरू (कर्नाटक) में लोहिताश्व नामक एक व्यक्ति ने अपनी लिव इन पार्टनर रेखा के शरीर पर चाकू से एक दर्जन से अधिक वार करके उसकी हत्या कर दी। उसे शक था कि उसके साथ रहने के बावजूद रेखा किसी दूसरे युवक के प्रेम में फंसी हुई है। इसी प्रकार 24 सितम्बर को आगरा (उत्तर प्रदेश) में सन्नी नामक विवाहित युवक के साथ लिव इन में रह रही युवती गीता देवी उर्फ टोनी ने सन्नी की मारपीट से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
24 सितम्बर को ही बरेली (उत्तर प्रदेश) हाईवे पर एक नर्स की लाश मिली जो शिवपाल नामक एक डाक्टर के साथ एक वर्ष से लिव इन रिलेशन में रह रही थी। उससे मन भर जाने पर डाक्टर श्रीपाल ने पहले तो उसके शरीर पर तेज धार वाले हथियार से 16 घाव किए और फिर इंजैक्शन लगाकर बेहोश करने के बाद उसे कार में डालकर हाईवे पर फेंक दिया।
स्पष्ट है कि लिव?इन रिलेशन किसी भी दृष्टि से भारतीय संस्कृति और परिवारों के अनुकूल नहीं है। यह एक ऐसी बुराई है जिसको सामाजिक समर्थन नहीं और जिसका परिणाम अधिकांशतः दुखद ही निकलता है।(मनोज कुमार अग्रवाल-हिफी फीचर)