विश्व-लोक

सऊदी अरब में होगा रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने पर फैसला

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए सऊदी अरब में आज मीटिंग होगी। रूस और अमेरिका के अधिकारी इस मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए सऊदी अरब पहुंचे हैं, जिनमें दोनों देशों के विदेश मंत्री भी शामिल हैं। यूक्रेन युद्ध को जब तीन साल होने वाले हैं, तब यह मीटिंग हो रही है। स्थायी शांति स्थापित करने के लिए इसमें अमेरिका की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। वहीं इस मीटिंग के एक दिन बाद बुधवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। जेलेंस्की के प्रवक्ता सर्गेई निकिफोरोव ने बताया कि लंबे समय से इस यात्रा का प्लान बना हुआ था। अपनी पत्नी के साथ जेलेंस्की सऊदी जाएंगे। जेलेंस्की ने पिछले सप्ताह इस यात्रा की घोषणा की थी, लेकिन तारीखों का खुलासा नहीं किया था। उन्होंने यह भी कहा था कि रूस या अमेरिका के अधिकारियों से मिलने का उनका प्लान नहीं है। रूसी विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट में कहा, ‘रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव अमेरिकी प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के लिए रियाद पहुंचे।’ रूसी प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज और मध्य पूर्व के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से मिलेगा। यह बातचीत रूस को अलग-थलग करने की नीति में बदलाव का संकेत है। रूस ने जब यूक्रेन पर हमला किया था तब अमेरिका ने रूस पर प्रतिबंधों की बारिश कर दी थी। यह चर्चा संभावित रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और रूस के पुतिन के बीच मीटिंग का भी रास्ता साफ कर सकती है। ऐसी भी रिपोर्ट्स आई हैं कि यूक्रेन को अमेरिका और रूस के बीच होने वाली मीटिंग में नहीं बुलाया गया है। अबू धाबी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को रूस और अमेरिका के बीच होने वाली बातचीत की जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ऐसे किसी भी समझौते को मान्यता नहीं देगा, जिसमें उसकी भागीदारी नहीं होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button