राज सागरी और दविंदर ग्रोवर सम्मानित होने पर संस्कारधानी गौरवान्वित

जबलपुर। राजधानी भोपाल में आयोजित साहित्य अकादमी अलंकरण समारोह में जबलपुर के दो साहित्यकारों राज सागरी और दविंदर सिंह ग्रोवर को उनके साहित्य में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर संस्कारधानी के साहित्यकारों ने कहा है कि इससे शहर गौरवान्वित हुआ है।
हिंदी, उर्दू और बुंदेली के साहित्यकार राज सागरी को साहित्य साधना के लिए गजलकार दुष्यंत कुमार स्मृति पुरस्कार वर्ष 2020 से सम्मानित किया गया। नाट्य लोक संस्था के अध्यक्ष एवं नाट्य निर्देशक दविंदर सिंह ग्रोवर को नाट्य क्षेत्र में दिए गए योगदान हेतु वर्ष 2018 एकांकी विधा के अंतर्गत सेठ गोविंददास एकांकी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साहित्यकारों को धर्म संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, अभिनेता आशुतोष राणा, संस्कृति विभाग संचालक अदिति कुमार त्रिपाठी, साहित्य अकादमी निदेशक विकास दवे ने शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र तथा राशि का चेक देकर सम्मानित किया।
संस्कारधानी को मिली इस उपलब्धि पर नगर के साहित्य जगत से शरद चंद्र पालन, अभिमन्यु जैन, डा. अभिजात त्रिपाठी, सुरेश मिश्र विचित्र, यूएस दुबे, डा. उदयभानू तिवारी, डा. कौशल दुबे, डा. शक्ति सिंह मंडलोई, डा. गंगाधर त्रिपाठी, प्रभात दुबे, डा. आनंद सिंह राणा, अखिलेश त्रिपाठी, संजय गर्ग, विनय शर्मा, रविंद्र मुरार, मुस्कान सोनी, मानशी सोनी आदि ने खुशी जताई है और अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।