अमेरिका में फिर गोलीबारी, तीन की मौत

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की वीभत्स घटना हुई है। इस बार ह्यूस्टन में एक शख्स ने 2 अलग-अलग स्थानों पर 3 लोगों की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि वह गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ह्यूस्टन पुलिस विभाग के लेफ्टिनेंट लैरी क्रॉसन ने कहा, ‘‘प्रारंभिक संकेत यह हैं कि दोनों मामले आपस में जुड़े हुए हैं।’’ शहर पुलिस की प्रवक्ता एलिसिया अलानिज ने बताया कि ह्यूस्टन के उपनगर शुगर लैंड में एक वाहन चालक ने एक अन्य वाहन पर कई गोलियां चलाईं जिससे उसका चालक घायल हो गया और उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
लगभग आधे घंटे बाद ह्यूस्टन पुलिस को पहली गोलीबारी के घटनास्थल से लगभग 11 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में एक मैकेनिक की दुकान पर गोलीबारी की सूचना मिली। क्रॉसन ने बताया कि हमलावर ने एक मैकेनिक और उस गवाह को गोली मार दी जो उसका वीडियो बना रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को हमलावर लगभग 6.4 किलोमीटर दूर अपनी गाड़ी में मृत मिला। अधिकारियों का मानना है कि उसने खुदकुशी होगी। 2023 के एक अनुमान के अनुसार अमेरिका में नागरिकों के पास लगभग 393 मिलियन (39.3 करोड़) से अधिक बंदूकें हैं। यह संख्या अमेरिका की कुल आबादी से भी ज्यादा है।