आईफोन के लिए बच्चा बेच दिया

(मनोज कुमार अग्रवाल-हिफी फीचर)
पुलिस ने बच्चे को बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक मां मोबाइल की खातिर अपने जिगर के टुकड़े का सौदा कर सकती है। वह उसे बेच सकती है। बच्चा सबसे अधिक सुरक्षित अपनी मां के पास रहता है मगर जब मां ही उसका सौदा करने लगे तो क्या हो सकता है?
आप विश्वास करें या नहीं करें लेकिन लगता है कलियुग का प्रभाव चरम पर फैल रहा है लोग अपनी ख्वाहिशों और शौक को पूरा करने के लिए अपनी संतान को बेच देते हैं। अभी तक जो ऐसे मामले सामने आते थे उनके पीछे कोई न कोई मजबूरी होती थी जैसे कर्ज उतारने के लिए या परिवार को भूखमरी से बचाने के लिए या किसी गंभीर बीमारी का इलाज कराने के लिए अपरिहार्य स्थिति में लोग अपने बच्चे को बेच देते थे लेकिन पश्चिमी बंगाल से जो ताजा घटना सामने आई है उसमें दम्पति ने अपने शौक को पूरा करने के लिए आईफोन खरीदने के लिए अपने आठ महीने के बच्चे को दो लाख रुपये में बेच दिया। यह मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना का है। समाचार रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां एक मां ने महंगा फोन खरीदने के लिए अपने 8 महीने के बच्चे को बेच दिया। जांच में पता चला कि वह महंगे आईफोन से रील बनाना चाहती थी। वह मोबाइल लेकर रील बनाने के लिए घर में पैसों की कमी से जूझ रही थी।बस फिर क्या था इस मां ने भारतीय संस्कृति में वर्णित मां की तमाम अवधारणाओं पर पानी फेर दिया और अपने जिगर के टुकड़े की बोली लगा दी।
फिलहाल पुलिस ने बच्चे को बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है। लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक मां मोबाइल की खातिर अपने जिगर के टुकड़े का सौदा कर सकती है। वह उसे बेच सकती है। बच्चा सबसे अधिक सुरक्षित अपनी मां के पास रहता है मगर जब मां ही उसका सौदा करने लगे तो क्या हो सकता है?
समाचार रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी महिला और उसका पति पानीहाटी के रहने वाले हैं। उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं है। बड़ी मुश्किल से वे अपने लिए भोजन का इंतजाम करते हैं। लोगों ने जब उनके पास महंगा आईफोन देखा तो पडोसी हैरान रह गए। आरोपी महिला रील बनाने के लिए कई जगहों पर ट्रेवल कर रही थी। लोगों का शक और गहरा होता गया। लोगों ने नोटिस किया कि उनका बेटा कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। पड़ोसियों ने दम्पति से उनके बच्चे के बारे में पूछा लेकिन उन्होंने साफ-साफ कुछ नहीं बताया और अधिक पूछताछ करने पर बच्चे को मामा के यहाँ भेजने की बात कही लेकिन लोगों को भरोसा नहीं हुआ। तब मामला बढ़ने लगा नौबत हंगामे तक पहुंची तो दम्पति टूट गया और पड़ोसियों को बताया कि उन्होंने पैसों के लिए बेटे को बेच दिया। एक निसंतान दम्पति ने बच्चे को खरीद लिया और इसके बदले उन्हें पैसे दिए। इसके बाद पुलिस ने बच्चे को खरदाह की रहने वाली एक महिला से छुड़ा लिया। पुलिस ने इस बारे में मीडिया को कोई साफ जानकारी नहीं दी। खरदाह थानेदार ने कहा कि आगे की जांच के बाद ही मामले की पूरी जानकारी सामने आ पाएगी।
दरअसल, आरोपी महिला अपने पति और सास-ससुर के साथ पानीहाटी गांधीनगर में रहती है। उसका नाम साथी कनाई है। उसके पति का नाम जयदेव है। उनकी एक सात साल की बेटी और 8 महीने का बेटा है। शनिवार 22 जुलाई को आरोपी महिला का सास-ससुर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नौबत मारपीट तक जा पहुंची जिसके बाद पुलिस ने महिला के सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान आस-पास के लोगों ने देखा कि महिला के हाथ में महंगा आईफोन है और बच्चा कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बाद लोगों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। लोगों ने जोड़े पर नशीली दवाओं के दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया।
इस मामले में स्थानीय पार्षद तारक गुहा का कहना है कि बच्चे को बेचने के बाद आरोपी ने लड़की को भी बेचने की कोशिश की। लोगों को जैसे ही इस बात की भनक लगी उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पार्षद ने आगे कहा कि पुलिस ने लापता बच्चे को ढूंढ लिया है। बच्चे को प्रियंका घोष ने खरीदा था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि बच्चे को गरीबी के कारण बेचा गया था या नहीं।
लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक सोशल मीडिया पर रील बनाने की लत आम आदमी के दिल और दिमाग पर किस कदर हावी हो सकती है यह इसका बेहद ही संगीन मामला है। रील्स बनाने के शौक के चलते ही इस दंपत्ति ने नया आईफोन 14 खरीदने के लिए अपने 8 महीने के शिशु को बेच डाला है। इस माता-पिता को इंटरनेट पर फेमस होने की इतनी जिद्द थी कि अपना बच्चा बेचने के तुरंत बाद ये समुद्र किनारे जाकर वीडियोज भी बनाने लगे।इन्हे बच्चे को बेचने का तनिक भी मलाल या प्रायश्चित भी नही है।
हालांकि बच्चा बेच देने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले कोविड-19 के दौरान भी कई दंपतियों द्वारा अपनी संतानों को बेचने के मामले सामने आए थे लेकिन वह नौकरी छूट जाने, काम धंधा नहीं होने और परिवार को भूखा मरने से बचाने के लिए ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर हुए थे। पिछले दिनों पश्चिमी बंगाल से ही एक आदिवासी महिला द्वारा एक बच्चे को बेचने का मामला भी सामने आया था लेकिन वह भी बहुत गरीब और मध्यस्थों द्वारा पैसों के लालच में फंसाकर बच्चा बेचने के लिए उसको मजबूर किया गया था लेकिन इस ताजा मामले में ऐसा कुछ भी नहीं है और यह दंपति अपने बच्चे को बेचने के बाद न सिर्फ मौज मस्ती कर रहा है बल्कि रील्स बनाकर उनको सोशल मीडिया पर अपलोड कर मशहूर होकर पैसा कमाने की धुन में लगा है। सिर्फ अपने शौक को पूरा करने के लिए ऐसी शर्मनाक हरकत एक मां बाप अपने बच्चे को बेचकर कर सकते हैं, यह किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चा बेचने वाले दंपति और खरीदने वाली महिला सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। (हिफी)