मध्य प्रदेश में सोयाबीन की एमएसपी पर होगी खरीदी, प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को केंद्र ने अनुमति दी

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने अपनी कैबिनेट बैठक में सोयाबीन की एमएसपी पर खरीदी को लेकर प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का निर्णय लिया था। इस प्रस्ताव पर तेजी से कार्रवाई करते हुए केंद्र सरकार ने इसे स्वीकृति दे दी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कि मध्य प्रदेश के किसान सोयाबीन की फसल एमएसपी से नीचे बेचने के लिए मजबूर थे, जिससे उन्हें नुकसान हो रहा था। कर्नाटक और महाराष्ट्र को पहले ही सोयाबीन की एमएसपी पर खरीदी की अनुमति दी गई थी, और अब मध्य प्रदेश का प्रस्ताव भी स्वीकृत कर दिया गया है। अब मध्य प्रदेश के किसान भी 4892 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अपनी सोयाबीन की फसल बेच सकेंगे। यह फैसला किसानों के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद साबित होगा, क्योंकि उन्हें अब अपनी फसल के उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने राज्य के किसानों के लिए सोयाबीन की एमएसपी पर खरीदी की मंजूरी को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला किसानों के हित में एक बड़ा कदम है। लोधी ने कहा कि मध्य प्रदेश के किसानों को अब सोयाबीन का उचित मूल्य मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। केंद्र और राज्य सरकारें लगातार किसानों के हित में निर्णय लेती आ रही हैं, और यह फैसला भी उसी कड़ी का हिस्सा है।