भीषण गर्मी में उड़ान नहीं भर सका विमान, सवा घंटे देरी से रवाना हुई भोपाल-हैदराबाद फ्लाइट

भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री पहुंच गया। भीषण गर्मी के चलते यहां राजाभोज विमानतल से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट करीब एक सवा घंटा देरी से रवाना हुई। वहीं, मौसम खराब होने के कारण हैदराबाद से इंदौर आने वाली फ्लाइट को भी भोपाल डायवर्ट किया गया।
दरअसल, इंडिगो के नियमित विमान को शाम 5.30 बजे भोपाल के राजाभोज विमानतल से हैदराबाद के लिए उड़ान भरना था, लेकिन फ्लाइट के यात्रियों को बताया गया कि बाहर का तापमान बहुत अधिक होने के चलते विमान का इंजन रिस्ट्रिक्टेड मोड में चला गया है। तापमान कम होने पर उड़ान भरी जा सकेगी। इसके बाद करीब सवा घंटे की देरी से यह विमान शाम करीब 6रू50 बजे रवाना हुआ। वहीं, खराब मौसम के चलते हैदराबाद से इंदौर आ रही फ्लाइट को भोपाल एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। राजा भोज विमानतल पर इस फ्लाइट की शाम 4.31 बजे लैंडिंग हुई। मौसम साफ होने पर करीब एक घंटे बाद शाम 5.37 बजे इस विमान को इंदौर रवाना किया गया। इसमें 191 यात्री सवार थे।