विदेशी ताकतों की मदद से आमचुनाव प्रभावित कर रही कांग्रेस: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों द्वारा विदेशी ताकतों की मदद से देश में चुनावों को प्रभावित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पैसे और प्रचार के जरिए 2024 के लोकसभा चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की गई। विपक्ष का यह कार्य देशद्रोह के समान है। कांग्रेस और विपक्षी दलों ने न सिर्फ दुष्प्रचार किया, बल्कि विदेशी धन का भी इस्तेमाल किया। जॉर्ज सोरोस ने पहले ही इसकी घोषणा कर दी थी। अभी इसमें कई तथ्य सामने आएंगे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष ने देशभर में एनजीओ, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया। भ्रम फैलाया कि पीएम मोदी दोबारा आएंगे तो भाजपा संविधान बदल देगी। वह एक नया संविधान लाएंगे। लोकसभा चुनाव के दौरान देश में विदेशी धन का इस्तेमाल हुआ। इसमें कांग्रेस और कई अन्य दल सीधे तौर पर शामिल थे।
मुख्यमंत्री योगी ने हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनावों में कांग्रेस और एनडीए की हार पर चुटकी ली। कहा कि जनता लंबे समय तक झूठ बर्दाश्त नहीं करती है। आज जब उनके दुष्प्रचार की सच्चाई सामने आई तो देश की जनता ने कहा कि नहीं यह कांग्रेस का दुष्प्रचार था। इसमें विदेशी धन लगा था। इसलिए, जनता उन्हें सबक सिखा रही है। चाहे वह हरियाणा हो, महाराष्ट्र हो या दिल्ली। तीनों जगह चुनावों के नतीजे सबके सामने हैं।