अयोध्या में दो धार्मिक स्थलों का होगा पर्यटन विकास, मिल गया बजट: जयवीर सिंह

लखनऊ। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के साथ आसपास के धार्मिक स्थलों के पर्यटन विकास का काम भी चल रहा है। अब गांव अबानपुर सरोहा और खिरौनी सुचिता गंज सोहावल को दो करोड़ की दो पर्यटन विकास योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इसमें से 1.20 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। अयोध्या के मसूदा विकासखंड के ग्राम अबानपुर सरोहा में 150 वर्ष पहले महंत रामदीन दास ने तपस्या की थी। इसलिए यह उनकी कुटी तपोस्थली के नाम से प्रसिद्ध है। यह मंदिर धार्मिक एवं पौराणिक है। यहां वर्ष में कई मेलों का आयोजन होता है, जिसमें स्थानीय, क्षेत्रीय एवं ग्रामीण लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। दीपोत्सव, चौत राम नवमी, सावन झूला मेला एवं कार्तिक पूर्णिमा मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहता है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ग्रामीण पर्यटन के तहत यहां थीमेटिक गेट एवं पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।