स्पेन के राष्ट्र प्रमुख होते हैं प्रेसीडेंट ऑफ गवर्नमेंट

स्पेन के राष्ट्रप्रमुख पेड्रो सांचेज भारत के दौरे पर हैं। उन्हें मीडिया से लेकर एक्स और सोशल मीडिया पर कोई प्रधानमंत्री लिख रहा है तो कोई राष्ट्रपति। खुद अगर उनके आधिकारिक पद की बात करें तो इसे प्रेसीडेंट ऑफ गर्वनमेंट कहते हैं। उनके साथ भारत टाटा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय वायुसेना के लिए विमान बनाने के लिए समझौता करने जा रहा है। इसे लेकर भी अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन छपे हैं। इसमें उन्हें प्रेसीडेंट ऑफ गवर्नमेंट, स्पेन के तौर पर ही संबोधित किया गया है। हालांकि वर्ल्ड मीडिया आमतौर पर उन्हें प्राइम मिनिस्टर या प्रधानमंत्री के तौर पर ही संबोधित करता है।
स्पेन में 1978 तक राजशाही थी। इसके बाद ये देश लोकतांत्रिक देश में बदल गया। स्पेन में अब भी राजा ही देश का संवैधानिक तौर पर प्रमुख माना जाता है। फिलहाल किंग फिलिप छठी देश की पार्लियामेंट्री मोनार्की सिस्टम के प्रमुख हैं। वर्ष 2014 में उनके पिता गद्दी से हट गए, तब से वही देश के शीर्ष पद पर हैं। राजा की इस देश में कई तरह की भूमिकाएं और जिम्मेदारियां होती हैं। एक तरह से स्पेन में राजा की भूमिका और दायित्व वैसे ही हैं, जैसे हमारे देश में राष्ट्रपति के। सरकार का मुखिया प्रेसिडेंट ऑफ गवर्नमेंट होता है जो काम फिलहाल पेड्रो सांचेज कर रहेे हैं। सांचेज तीसरी बार 17 नवंबर 2023 में गठबंधन सरकार के मुखिया बने थे।
तो अब आइए जानते हैं कि स्पेन के प्रेसीडेंट ऑफ गवर्नमेंट को प्राइम मिनिस्टर मानना चाहिए या फिर प्रेसीडेंट। स्पेन में, ”प्रेसीडेंट ऑफ गवर्नमेंट यानि सरकार का राष्ट्रपति” (स्पेनिश में प्रेसीडेंटे डेल गोबिएर्नो) शब्द प्रधानमंत्री को संदर्भित करता है, जो सरकार का मुखिया होता है। ये पद अंग्रेजी में बोलने पर कुछ हद तक भ्रामक हो सकता है, क्योंकि यह राष्ट्रपति प्रणाली में राष्ट्रपति की भूमिका जैसा दिखता है, जबकि स्पेन संसदीय संवैधानिक राजतंत्र के तहत काम करता है।