योगी आदित्यनाथ का धर्म-कर्म

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पार्टी भले ही अयोध्या में लोकसभा का चुनाव हार गयी लेकिन रामलला की नगरी को संवारने और राम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए जा रहे कारिडोर का निर्माण द्रुतगति से हो रहा है। धर्म के साथ ही योगी आदित्यनाथ कर्म को भी प्राथमिकता देते हैं। त्वरित समस्याओं का निदान सबसे पहले किया जाता है। बारिश में बाढ़ से राहत देने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और लापरवाही करने वाले अफसरों को दण्ड भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री स्वयं ही बाढ़ राहत कार्यो का निरीक्षण करते हैं। कर्मचारियों की भर्ती भी की जा रही है। प्रदेश में शीध्र ही 42 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती की जाएगी। ध्यान रहे कि प्रदेश में 13 साल से होमगार्ड जवानों की भर्ती ही नहीं हुई थी। यूपी में पहला ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बनकर तैयार हो गया है। अब तक लोग प्राइवेट सेंटरों में ड्राइविंग सीखते थे अथवा जोखिम उठाकर स्वयं ही वाहन चलाना सीखते थे जिससे कई हादसे भी हो चुके हैं। नोएडा में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर में लाइसेंस भी मिलेगा।
अयोध्या में प्रभु राम के विराजमान होने को लगभग 6 महीने पूरे हो चुके हैं। प्रभु राम के विराजमान होने के बाद संपूर्ण मंदिर का निर्माण तेजी के साथ किया जा रहा है। राम जन्मभूमि परिसर में अब अतिरिक्त कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इस कॉरिडोर के माध्यम से राम मंदिर सप्त मंडपम और कुबेर टीला को आपस में जोड़ा जाएगा। ताकि, श्रद्धालु इन स्थानों पर आसानी से पहुंच सके।
यह कॉरिडोर लगभग 700 मीटर लंबा होगा, जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसके अलावा राम जन्मभूमि परिसर में राम मंदिर के अलावा अन्य मंदिरों का भी निर्माण किया जा रहा है। परिसर में ही स्थित कुबेर टीला को भी विकसित किया जा रहा है। यहां कुंबेश्वर महादेव विराजमान हैं। साथ ही जटायु की भी भव्य मूर्ति स्थापित की गई है। वहीं, परिसर में सप्त मंडपम का निर्माण कार्य चल रहा है। सप्त मंडप में महर्षि अगस्त, महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वशिष्ठ, निषाद राज, माता शबरी के मंदिर बनाने का कार्य भी तेजी के साथ शुरू कर दिया गया है।
राम भक्त प्रभु राम के दर्शन पूजन करने के बाद इन मठ मंदिरों तक पहुंच सकें, इसको लेकर राम जन्मभूमि पाठ से इन स्थलों को जोड़ने के लिए कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालु रामलला के दर्शन के बाद परकोटे से होकर कुबेर टीला शेषावतार मंदिर समेत सप्त मंडप मंदिर का दर्शन करते हुए यात्री सुविधा केंद्र से आसानी से बाहर निकल जाएंगे। इसको लेकर यह कार्य करने की तैयारी है। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्रा के मुताबिक, कॉरिडोर का निर्माण जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सप्त मंडपम के फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। वहीं से अवतार मंदिर का कार्य भी लगभग 40 फीसदी से ज्यादा पूरा हो गया है। भगवान राम की नगरी में देश और विदेश के जाने-माने जादूगरों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया था। इनमें 200 से ज्यादा जादूगर राम की नगरी में मौजूद रहे। जादूगरों ने चमत्कारी तौर पर खाली हाथ से भगवान राम लला के दर्शन मार्ग पर जय श्री राम लिखे हुए ध्वज को दिखा करके अपनी कला का प्रदर्शन किया। रामलला के दर्शन करने के लिए हिंदू जादूगर ही नहीं मुस्लिम जादूगर भी पहुंचे थे जिन्होंने खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए रामलला का आशीर्वाद लेने की बात कही।
इसके अलावा विदेश से भी जादूगर अयोध्या आए थे, जो अपनी कला का प्रदर्शन राम की नगरी में कर रहे थे। भगवान राम का दर्शन करने पहुंचे जादूगरों ने सूक्ष्म रूप से भगवान के जय श्री राम के नारे के साथ ध्वज को प्रकट भी किया परन्तु विस्तृत रूप से अब यह कार्यक्रम राम कथा मंडपम में शाम को किया गया। परिवार के संग अयोध्या पहुंचे 200 से ज्यादा जादूगर जिसमें विदेशी जादूगर भी शामिल थे, ने अयोध्या को पर्यटकों के लिए और ज्यादा आकर्षित बनाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धर्म के साथ कर्म की डोर भी मजबूती से थामे हैं। उत्तर प्रदेश में 13 साल बाद होमगार्ड जवानों की भर्ती शुरू होने जा रही है। यूपी में जल्द ही 42 हजार होमगार्ड जवानों की भर्ती शुरू होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दो चरणों में भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पहली बार पुलिस भर्ती की तर्ज पर होमगार्ड भर्ती में भी लिखित परीक्षा होगी। लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट और मेडिकल होगा। गौरतलब है कि अब तक होमगार्ड्स की भर्ती केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा और स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मेरिट के आधार पर होती थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद होमगार्ड्स भर्ती प्रक्रिया में बदलाव के लिए नई नियमावली भी बनाई जा रही है। नई नियमावली में कई अहम बदलाव किए जाएंगे। जिसके तहत अब होमगार्ड्स की भर्ती भी लिखित परीक्षा के जरिए होगी। इसके पीछे सरकार की मंशा है कि वे भी पुलिस जवान की तरह पूरे आत्मविश्वास के साथ कानून व्यवस्था से जुड़े दायित्वों का निर्वहन कर सकें। नई नियमावली में पूर्व सैनिकों और एनसीसी कैडेट्स को भी वरीयता दी जाएगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 42 हजार होमगार्ड्स भर्ती का ऐलान किया था। जानकारी मिल रही है कि लिखित परीक्षा के लिए एजेंसी का चयन कर भर्ती की अधिसूचना जारी हो सकती है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश का पहला ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बनकर तैयार हो गया है। ग्रेटर नोएडा में बने इस पहले ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर में लोगों को वाहन चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस ड्राइविंग सेंटर को बिसाहड़ा रोज पर व्यावली दादरी के पास खोला गया हैं जहां गौतम बुद्ध नगर जिले में दो और चार पहिया गाड़ियां चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। यहां पर ड्राइविंग प्रशिक्षण केन्द्रों के निर्माण की योजना भी बनाई गई है। दो पहिया वाहन से लेकर चार पहिया वाहनों के लिए ट्रेनिंग के विशेष इंतजाम किए गए हैं। ट्रेनिंग के बाद यहां पर टेस्टिंग भी करवाई जाएगी।
एआरटीओ प्रशासन डॉक्टर सियाराम वर्मा ने बताया कि यह नया केंद्र मैसर्स शिवम एम मार्बल्स मोटर ट्रेनिंग प्रशिक्षण स्कूल के नाम पर जाना जाएगा। यह ट्रेनिंग सेंटर एक निजी प्रशिक्षण केंद्र है। यह सेंटर चालकों को ड्राइविंग का प्रशिक्षण देने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की जिम्मेदारी भी निभाएगा। इसके लिए आरटीओ की तरफ से इस ट्रेनिंग सेंटर को कुछ छूट दी जाएगी। इस पहल से यूपी सरकार की सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत ऐसे ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इसमें परिवहन विभाग की तरफ से 32 निजी संस्थाओं को लेटर आफ इंटेंट जारी किया गया है। गौतम बुद्ध नगर के इस पहले केंद्र का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही यहां प्रशिक्षण देने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। (हिफी)
(मोहिता-हिफी फीचर)