अयोध्या में योगी कैबिनेट

छह वर्ष पहले तक अयोध्या उदास और उपेक्षित थी। विदेशी आक्रांताओं ने यहां विध्वंस किया। आजादी के बाद अपने को सेक्युलर बताने वाली सरकारों को काशी मथुरा अयोध्या का नाम लेने में झिझक होती थी। यहां पर्यटन के अनुरूप विकास करने में संकोच होता था। नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ ने इस धारणा को बदल दिया। उत्तर प्रदेश तीर्थाटन की द्रष्टि से बहुत समृद्ध रहा है। काशी मथुरा अयोध्या सारनाथ आदि तीर्थ स्थल विश्व प्रसिद्ध है। अनेक देवी धाम यहां प्रतिष्ठित हैं। सदियों से चलने वाले अनेक उत्सव मेले भी बहुत प्रसिद्ध हैं। योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद तीर्थाटन को अर्थव्यवस्था और सामाजिक एकात्मता से जोड़ने का कार्य किया। पिछले कुंभ में उन्होंने मंत्रि मण्डल की बैठक प्रयाग राज में आयोजित की थी। यह विकास और संस्कृति के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने वाली थी। अयोध्या में पांच सदियों का सपना साकार होने जा रहा है। जनवरी में भव्य श्री राम मन्दिर का लोकार्पण होगा। इसके पहले योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में मंत्रिमंडल की बैठक करके सुशासन का संदेश दिया।अनेक महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गये। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के गठन का प्रस्ताव पारित हुआ, अयोध्या में भारतीय मन्दिर वास्तुकला संग्रहालय की स्थापना होगी। अयोध्या शोध संस्थान को विस्तार देते हुए अन्तरराष्ट्रीय अयोध्या रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। श्री देवीपाटन धाम तीर्थ विकास परिषद, शुकतीर्थ क्षेत्र परिषद के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही लक्खी मेला हाथरस, मकर संक्रांति तथा बसंत पंचमी मेला अयोध्या, गंगा स्नान मेला अनूपशहर बुलंदशहर तथा देव दीपावली काशी के प्रांतीयकरण का निर्णय उल्लेखनीय है।
केवल अस्था ही नहीं, तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से तीर्थ नगरों का विश्व स्तरीय विकास शुरू किया गया। योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए दीपोत्सव से अयोध्या की उदासी का अंधेरा छँटने लगा।मन्दिर निर्माण का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही हजारों करोड़ रुपये की योजनाएं क्रियान्वित हो रही हैं। मेडिकल कालेज, इंटरनेशनल एयर पोर्ट बन रहे हैं। अयोध्या की उदासी दूर हुई है। इसी के साथ एक सन्देश भी निर्मित हो गया तमसो मा ज्योतिर्गमय अर्थात् अंधेरे से ज्योति की ओर बढ़ने का प्रतीक बन गयी है अयोध्या। दूसरा सन्देश असत्य पर सत्य की जीत का था। कार्तिक मास की गहन अंधकार वाली अमावस्या की रात्रि अयोध्या दीयों की रोशनी से नहा गई थी। दीपों का यह पर्व भारत की सांस्कृतिक अस्मिता को सम्पूर्ण प्रकाश के साथ अभिव्यक्त करने का अवसर बन गया।अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का क्रियान्वयन चल रहा है। इसमें मूलभूत सुविधाओं का विकास, ढांचागत निर्माण कार्य, शिक्षा स्वास्थ्य, सड़क कनेक्टिविटी आदि सभी क्षेत्र शामिल हैं।अयोध्या को आधुनिक स्मार्ट सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है। सरकार ने सैकड़ों पर्यटकों के सुझाव के बाद एक विजन डॉक्यूमेंट भी तैयार किया है। अयोध्या के विकास की परिकल्पना एक आध्यात्मिक केंद्र, वैश्विक पर्यटन हब और एक स्थायी स्मार्ट सिटी के रूप में की जा रही है। कनेक्टिविटी में सुधार के प्रयास जारी हैं। इनमें एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन के विस्तार, बस स्टेशन, सड़कों और राजमार्गों व ढांचा परियोजनाओं का निर्माण शामिल है। ग्रीनफील्ड टाउनशिप भी प्रस्तावित है। इसमें तीर्थ यात्रियों के ठहरने की सुविधा, आश्रमों के लिए जगह, मठ, होटल, विभिन्न राज्यों के भवन आदि शामिल हैं।
इसके अलावा अयोध्या में मंत्रिपरिषद ने उत्तर प्रदेश अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गठन के लिए उत्तर प्रदेश अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण विधेयक का पारण विधान मण्डल से कराये जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश में गंगा नदी, यमुना नदी एवं अन्य प्रमुख नदियों में कुल ग्यारह राष्ट्रीय जलमार्ग स्थित है। प्रदेश में अपेक्षाकृत सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु जल परिवहन एवं जल पर्यटन को विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर भी अन्तर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का गठन किया जाना है। इस प्राधिकरण के गठन से देश में जल परिवहन, जल पर्यटन तथा पोत परिवहन एवं नौवहन के क्षेत्र में विकास, विनियमन एवं पर्यावरणीय सुरक्षा को विकसित किया जा सकेगा। प्रदेश के उत्पादों को बेहतर एवं सस्ती दरों पर देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों में निर्यात का अवसर प्राप्त होगा। (हिफी)
(डॉ दिलीप अग्निहोत्री-हिफी फीचर)